ट्रेड डील के खिलाफ 9 मार्च को आंदोलन की रुपरेखा होगी तैयार

www.daylifenews.in
जयपुर। अमेरिका से केन्द्र सरकार द्वारा की गई ट्रेड डील के कारण राजस्थान प्रदेश के किसानों, उद्यमियों, हैण्डीक्राफ्ट व्यवसायियों को होने वाले नुकसान तथा हितों पर पडने वाले विपरीत प्रभाव के विरूद्ध प्रदेश में आन्दोलन प्रारम्भ करने व आन्दोलन की रूपरेखा तैयार करने हेतु राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, इन्दिरा गॉंधी भवन, स्टेशन रोड, जयपुर पर जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, प्रदेश कांग्रेस समन्वय समिति के सदस्यों, हनुमानगढ़ व श्रीगंगानगर जिले के विधायकों, विधायक प्रत्याशियों, सांसद, पूर्व सांसद, सांसद प्रत्याशी, अग्रिम संगठन के प्रदेशाध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में एआईसीसी प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सी. पी. जोशी, सहप्रभारी एआईसीसी रित्विक मकवाना, चिरंजी राव, एआईसीसी सचिव श्रीमती रेहाना रियाज भी शामिल रहे।
बैठक को सम्बोधित करते हुये प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका से दबाव में आकर ट्रेड डील स्वीकार की है, उसके विपरीत प्रभाव प्रदेश के किसानों, व्यापारियों और उद्योगपतियों पर पड़ेगें। प्रधानमंत्री ने देश के किसानों के हितों से समझौता करते हुये अमेरिका से ट्रेड डील की है, जिसका कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से विरोध करेगी और देश के किसानों, व्यापारियों के हितों को सुरक्षित रखने के लिये हर सम्भव कदम और संघर्ष करने के लिये कांग्रेस कार्यकर्ता प्रतिबद्ध है। कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदेशभर में अमेरिकी ट्रेड डील से आहत् होने वाले किसानों व व्यापारियों के बीच जाकर केन्द्र सरकार द्वारा देश हित के विपरीत लिये गये निर्णय और केन्द्र सरकार द्वारा अमेरिका से किये गये समझौते को उजागर करेंगे। प्रदेश में किसान सम्मेलन के आयोजन से अभियान प्रारम्भ होगा, सम्मेलन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गॉंधी व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े शामिल होंगे। इस सम्मेलन का आयोजन श्रीगंगानगर में 9 मार्च को प्रस्तावित है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से प्रस्ताव स्वीकार होने पर प्रदेशभर में आन्दोलन प्रारम्भ होगा। कांग्रेस कार्यकर्ता गॉंव-गॉंव, ढाणी-ढाणी जाकर केन्द्र सरकार ने किस प्रकार किसानों के हितों से समझौता किया है, इसकी जानकारी आमजन को देंगे और जिला, ब्लॉक, मण्डल स्तर तक बैठकें आयोजित की जाकर केन्द्र सरकार द्वारा किसानों एवं कृषि से जुड़े उद्यमियों के हितों पर कुठाराघात करते हुये अमेरिका से की गई ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस द्वारा आन्दोलन चलाया जायेगा।
इस अवसर पर एआईसीसी प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने कहा कि हमारा देश कृषि प्रधान है और भाजपा की केन्द्र सरकार ने किसानों के हितों से समझौता करते हुये अमेरिका से ट्रेड डील कर ली, यह न सिर्फ देश की कृषि पर विपरीत प्रभाव डालेगा बल्कि कृषि से जुड़े हुये उद्योगों पर भी विपरीत प्रभाव पड़ेगा, इसलिये देश हित में कांग्रेस पार्टी केन्द्र सरकार के जनविरोधी निर्णय के विरूद्ध आन्दोलन कर रही है। सभी कांग्रेसजनों को एकजुट होकर अपना योगदान इस अभियान से जुडक़र देना चाहिये।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा के नेताओं और भाजपा की केन्द्र सरकार को आम जनता, किसान, उद्योगपतियों के हितों से कोई सरोकार नहीं है। अमेरिका के दबाव में किसानों के हितों के साथ केन्द्र सरकार ने समझौता कर ट्रेड डील की है जो स्वीकार्य नहीं है। देश और प्रदेश के किसानों के हितों की रक्षा के लिये कांग्रेस पार्टी केन्द्र सरकार के इस जनविरोधी कदम का पुरजोर विरोध सडक़ से सदन तक करेगी। बैठक को पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सी. पी. जोशी, एआईसीसी सहप्रभारी रित्विक मकवाना एवं चिरंजी राव ने भी सम्बोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *