बढ़ती चोरी व अपराध पर मनीष यादव ने गृह मंत्री से मिलकर की कार्रवाई की मांग

www.daylifenews.in
शाहपुरा (जयपुर)। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी व आपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय विधायक मनीष यादव ने मनोहरपुर व खेजरोली के पीड़ित ग्रामीणों के साथ गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम से मुलाकात कर क्षेत्र की क़ानून व्यवस्था से अवगत कराया। बैठक के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी मौजूद रहे।
इस दौरान विधायक यादव ने शक्तपुरा, कुम्भावास, नांगलकोजू सहित पूर्व में विभिन्न स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं को लेकर मंत्री से विस्तृत चर्चा की।
विधायक यादव ने बढ़ती चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रदेश सहित क्षेत्र के थानों में न तो समय पर CLG सदस्यों की बैठकें आयोजित की जाती हैं और न ही नियमित गश्त की व्यवस्था सुदृढ़ है। साथ ही पुलिस का आसूचना तंत्र बहुत कमजोर है, जिसके कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में विशेष पुलिस टीमों का गठन कर चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए तथा चोरी हुए माल की बरामदगी कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर मामलों का खुलासा किया जाए।
विधायक ने कहा कि गत दिनों क्षेत्र में ट्रैक्टर चोरी तथा भेड़-बकरियों की चोरी जैसी कई घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी व बरामदगी नहीं हो सकी है, जिससे क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। गृह राज्य मंत्री से इन मामलों में शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।
मंत्री ने मौके पर ही पुलिस के उच्च अधिकारियों को पुलिस टीम बनाकर कार्यवाही के सख़्त निर्देश दिये।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि आमजन की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को कड़े कदम उठाने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *