
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। जयपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नॉकआउट अभियान के तहत मनोहरपुर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 48 ट्रमाडॉल नशीले कैप्सूल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बलेनो कार (RJ 59 CA 0734) भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 11 मार्च 2026 को थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह को सूचना मिली कि हाईवे के आसपास वाहन चालकों को अवैध मादक पदार्थ बेचे जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने टोल प्लाजा पर संदिग्ध बलेनो कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक कार छोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर टीबा वाली ढाणी नवलपुरा में आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 48 ट्रमाडॉल नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी दशरथ पुत्र जयराम गुर्जर (23 वर्ष), निवासी मांडली पोस्ट नया बास, थाना बासदयाल, जिला कोटपूतली-बहरोड़ को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/21 व 8/22 में मुकदमा संख्या 63/26 दर्ज कर जांच थानाधिकारी अमरसर कमल सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही चंदवाजी, बासदयाल, बानसुर और हरसौरा थानों में कुल 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह कार्रवाई उप महानिरीक्षक एवं सह-पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण राशि डोगरा डूडी (IPS) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा रणवीर सिंह व वृत्ताधिकारी शाहपुरा मुकेश चौधरी के सुपरविजन में की गई।
पुलिस टीम में थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह,रामकरण सउनि, सुरेन्द्र सिंह सउनि, आशीष कानि और रोशन कानि शामिल रहे। इस कार्रवाई में कांस्टेबल रमेश की विशेष भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और सूचना के आधार पर पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ जिले में ऑपरेशन नॉकआउट के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।