
ऑपरेशन ‘एंटी वेनम’:
जाफर लोहानी
wwwdaylifenewsin
मनोहरपुर (जयपुर)। जयपुर ग्रामीण पुलिस ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन एंटी वेनम’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। मनोहरपुर थाना पुलिस और शाहपुरा सेक्टर की स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध नशीले ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
नाकाबंदी के दौरान धरा गया आरोपी
जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती राशि डोगरा डूडी के निर्देशानुसार नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टोल प्लाजा पर विशेष नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल (हीरो स्प्लेंडर, नंबर RJ 52 SF 8604) को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
तलाशी में मिले 347 नशीले कैप्सूल
पुलिस ने जब मोटरसाइकिल के पीछे बंधे थैले की तलाशी ली, तो उसमें 347 अवैध नशीले ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी मुकेश गुर्जर (34 वर्ष), निवासी पीपलोद, शाहपुरा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नशीली दवाओं के साथ तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
आरोपी के खिलाफ मनोहरपुर थाने में NDPS एक्ट की धारा 8/21 और 8/22 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस पूरे मामले की जांच शाहपुरा थानाधिकारी रिया चौधरी को सौंपी गई है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि आरोपी ये नशीली दवाएं कहां से लाया था और इन्हें कहां सप्लाई करने वाला था।
पुलिस टीम की भूमिका
इस सफल कार्रवाई में मनोहरपुर थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल सुभाष, कांस्टेबल रमेश, सुरज्ञान, राजेंद्र और रोहिताश की मुख्य भूमिका रही।