
www.daylifenews.in
भोपाल। 25 मार्च को प्रात: 10.30 बजे माधवराव सप्रे संग्रहालय, भोपाल में हिन्दी के ख्यातनामा पत्रकारों का सम्मान समारोह होगा। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल होंगे। समारोह की अध्यक्षता कुलगुरु माननीय डा. एस.के. जैन करेंगे एवं मुख्य वक्ता कुलगुरु विजय मोहन तिवारी होंगे।
उपरोक्त जानकारी देते हुए वरिष्ठ पत्रकार एवं माधवराव सप्रे संग्रहालय के संस्थापक संयोजक पद्मश्री डा. विजयदत्त जी श्रीधर ने बताया कि हिन्दी पत्रकारिता के दो सौ साल के ऐतिहासिक अवसर पर लोकमत समाचार के वरिष्ठ संपादक एवं ‘रीती नदियां रीती है जलधारा’ नामक ख्यात नामा शोधपरक पुस्तक के लेखक श्री विकास मिश्र को ‘माधवराव सप्रे सम्मान’, दैनिक ट्रिब्यून के सहायक संपादक एवं सामाजिक सरोकारों से सम्पृक्त गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता के स्तंभ माने जाने वाले वरिष्ठ पत्रकार अरुण नैथानी को ‘महेश गुप्ता सृजन सम्मान’ व हिन्दी पत्रकारिता में अंतर्वस्तु विश्लेषण पर पी एच डी करने वाले आंचलिक पत्रकारिता के सजग प्रहरी वरिष्ठ पत्रकार डा. ब्रजेश शर्मा को ‘अशोक मानोरिया पुरस्कार’ से सम्मानित किया जायेगा।