
जाफ़र लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। स्थानीय कस्बे सहित आसपास के समूचे क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ हनुमान जयंती (हनुमान जन्मोत्सव) मनाई जा रही है। कस्बे के प्रसिद्ध पंच मुखी हनुमान जी के मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी है।
भक्तों ने बजरंगबली से सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, शाम को कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर हनुमान चालीसा का पाठ और सुंदरकांड का गान वातावरण को भक्तिमय बना रहा है।
मंदिर परिसर को आकर्षक और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और जगमगाता नजर आया।
जयपुर के प्रसिद्ध भजन गायकों के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों ने हनुमान जी के भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं। भजनों की धुन पर श्रद्धालु रातभर झूमते नजर आए।
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल और शरबत की विशेष व्यवस्था की गई। साथ ही, बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार की दुकानें और स्टॉल लगाए गए।
प्रशासनिक व्यवस्था और अतिथि मेले की गरिमा बढ़ाने के लिए कई राजनीतिक पदाधिकारियों ने शिरकत की और हनुमान जी का आशीर्वाद लिया।
सुरक्षा की दृष्टि से थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन का अतिरिक्त जाब्ता पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रात्रि 8:15 बजे आयोजित हुई महाआरती रही। महाआरती में उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में जयकारे लगाए, जिसके बाद प्रसाद वितरण के साथ मेले का विधिवत समापन हुआ।