भीलवाड़ा में 9 अप्रैल को विश्व नवकार महामंत्र दिवस मनाया जाएगा

www.daylifenews.in
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा में विश्व शांति और मानव कल्याण की भावना के साथ 9 अप्रैल को विश्व नवकार महामंत्र दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर दुनिया के 108 देशों के साथ भीलवाड़ा में भी सामूहिक रूप से नवकार महामंत्र का जाप किया जाएगा। शहर के मेडिसिटी ग्राउंड में सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु एक साथ सर्वकल्याणकारी और मंगलकारी नवकार महामंत्र की आराधना करेंगे।
इस आयोजन की तैयारियों को लेकर मेडिसिटी ग्राउंड में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जीतो पदाधिकारियों और शिव महापुराण आयोजन समिति के सदस्यों ने भाग लिया और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की। इसी दौरान विश्व नवकार महामंत्र दिवस के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। सामूहिक मंत्र जाप के कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और सहकारिता मंत्री गौतम दक के आना भी प्रस्तावित है।

जीतो चीफ वाइस प्रेसिडेंट महावीर सिंह चौधरी
बैठक में जीतो चीफ वाइस प्रेसिडेंट महावीर सिंह चौधरी, समाजसेवी त्रिलोक चंद्र छाबड़ा, जीतो चैप्टर अध्यक्ष मीठालाल सिंघवी, चीफ सेक्रेटरी मनीष शाह, कन्वीनर और ट्रेज़रर प्रतीक कावड़िया, निशान जैन और कविश नाहर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं शिव महापुराण आयोजन समिति की ओर से
वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील जागेटिया, मनोज प्रताप, विधायक प्रतिनिधि सत्यनारायण गुगड़, दीपक बैरवा, दिनेश सुथार और मनीष अटारिया भी मौजूद रहे।

शिव महापुराण आयोजन समिति वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील जागेटिया
जीतो चीफ वाइस प्रेसिडेंट महावीर सिंह चौधरी ने कहा कि 9 अप्रैल 2025 को पहली बार विश्व नवकार मंत्र दिवस के तहत 108 देशों में एक साथ नवकार मंत्र का जाप किया गया था। इसकी विशेष बात यह है कि इस अभियान की शुरुआत भीलवाड़ा की धरती से हुई थी, जो आज वैश्विक स्तर पर फैल चुकी है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 9 अप्रैल 2026 को भी यह आयोजन उसी स्थल पर किया जाएगा, जहां महा शिव पुराण कथा का आयोजन हो रहा है। इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के आने की स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि गौतम दक और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि नवकार मंत्र किसी एक समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संसार के सभी साधु-संतों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का मंत्र है, इसलिए इसमें सभी समाजों को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।

समाजसेवी और पूर्व जीतो चेयरमैन त्रिलोक चंद्र छाबड़ा
शिव महापुराण आयोजन समिति वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील जागेटिया ने कहा कि भीलवाड़ा केवल वस्त्र नगरी ही नहीं, बल्कि धर्म नगरी भी है और अनेकता में एकता का संदेश देने वाला यह शहर पूरे विश्व में जाना जाता है। उन्होंने बताया कि 8 से 14 अप्रैल तक महा शिव पुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा महा शिव पुराण की कथा सुनाएंगे। इस कथा में भीलवाड़ा सहित आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे, जिनके लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने सभी धर्मप्रेमियों से अपील की कि 9 अप्रैल को होने वाले विश्व नवकार महामंत्र दिवस के आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें, ताकि एकता और सद्भाव का संदेश पूरे विश्व में पहुंचे।
समाजसेवी और पूर्व जीतो चेयरमैन त्रिलोक चंद्र छाबड़ा ने कहा कि यह भीलवाड़ा के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है कि विश्व शांति के इस महाअभियान में शहर की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि आयोजन में 50 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। सामूहिक मंत्र जाप की ऊर्जा से पूरे विश्व में शांति और सकारात्मकता का संदेश जाएगा। उन्होंने सभी समाजों और समुदायों से इस पुण्य कार्य में भाग लेने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *