2000 लीटर चोरी का ट्रांसफार्मर ऑयल जब्त

www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर ग्रामीण)। अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मनोहरपुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी का ट्रांसफार्मर ऑयल ले जा रहे एक पिकअप चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2000 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल तथा परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा एवं वृत्ताधिकारी शाहपुरा के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। इसी दौरान 19 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि शाहपुरा से मनोहरपुर की ओर आ रही एक पिकअप में चोरी का ट्रांसफार्मर ऑयल भरा हुआ है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने थाने के सामने नाकेबंदी कर संदिग्ध पिकअप (RJ 41 GA 2650) को रुकवाया। तलाशी के दौरान वाहन से लोहे के 11 ड्रम बरामद हुए, जिनमें से 10 ड्रमों में करीब 2000 लीटर ऑयल भरा मिला, जबकि एक ड्रम खाली था।
पुलिस ने चालक बाबूलाल जाट (38) निवासी मीणा वाली ढाणी, रिशानी (थाना दौलतपुरा) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह ऑयल शाहपुरा से करीब 90 हजार रुपये में खरीदा था। वैध दस्तावेज व लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर पाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तेल व वाहन को जब्त कर लिया।
जब्ती का विवरण:

  • 2000 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल (10 ड्रम)
  • पिकअप वाहन (RJ 41 GA 2650)
  • 1 खाली ड्रम
    इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह के साथ उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार व कांस्टेबल बाबूलाल की अहम भूमिका रही। पुलिस ने मामले में फरार अन्य आरोपी नरेंद्र सिंह की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *