

रिफ़ाह चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का ईद मिलन समारोह
बदलती हुई दुनिया के साथ क़दम से क़दम मिलाकर ही हम आगे बढ़ सकते हैं : नईम रब्बानी
wwwdaylifenewsin
जयपुर। रिफ़ाह चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, राजस्थान स्टेट के बैनर तले आयोजित ईद गेट टुगेदर प्रोग्राम संपन्न हुआ। इस अवसर पर लगभग 100 व्यवसायियों, उद्योगपतियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम का आगाज़ वसीम अकरम ने तिलावत-ए-क़ुरआन से पेश किया।
सम्मोह के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री राजस्थान अशोक गहलोत ने अपने संबोधन में खास तौर पर अल्पसंख्यक समुदायों को व्यापार और उद्यमिता के माध्यम से मज़बूती हासिल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त होना ही समाज की तरक़्क़ी की बुनियाद है और युवाओं को कारोबार की दिशा में आगे आना चाहिए। उन्होंने रिफ़ाह चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रयासों की सराहना भी की।



इस अवसर पर खास मेहमान के तौर पर खानू खान बुधवाली (चेयरमैन, वक्फ बोर्ड) और ज़ाकिर खान की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में रिफ़ाह चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का परिचय देते हुए संस्था के प्रेसिडेंट नईम रब्बानी ने कहा कि आज जरूरत इस बात की है कि लोग खुद को सिर्फ नौकरी तक सीमित न रखें, बल्कि मुल्क के लिए एसेट्स बनें और बदलती हुई दुनिया के साथ क़दम से क़दम मिलाकर आगे बढ़ें। उन्होंने रिफाह को एक ऐसे प्लेटफॉर्म के रूप में प्रस्तुत किया जो व्यापारिक समुदाय के बीच नेटवर्किंग, कोलैबोरेशन और तरक्क़ी को बढ़ावा देता है।
इसी दौरानशब्बीर खान, पर्शियन कारपेट के मालिक ने अपने विचार रखते हुए कहा कि कारोबार में कामयाबी हासिल करने के लिए लोगों को पूरी ईमानदारी और सच्चाई के साथ लगातार मेहनत करनी चाहिए, क्योंकि असली नतीजे इसी से हासिल होते हैं और लगातार आगे बढ़ने के प्रयास करते रहना चाहियेI
इस अवसर पर मुख्य अथिति अशोक गहलोत ने सदस्यों को मेम्बरशिप सर्टिफिकेट्स भी प्रदान किए गए। अंत में आरिफ हुसैन नियाज़ी, जनरल सेक्रेटरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। पूरे कार्यक्रम का सफल समन्वय मोहम्मद फहद सरवाना, जॉइंट सेक्रेटरी, द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन लंच के साथ हुआ, जहाँ प्रतिभागियों को आपसी बातचीत और नेटवर्किंग का अवसर मिला।
यह आयोजन न केवल ईद की खुशियों का इज़हार था, बल्कि व्यापारिक समुदाय के बीच आपसी सहयोग, ईमानदारी आधारित व्यापार और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। प्रोग्राम में आये लोगों में से 8 लोगों ने रिफ़ाह चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का मेम्बर बनने के लिए इच्छा ज़ाहिर की।