
जाफ़र लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। भारत सरकार के गृह मंत्रालय एवं जनगणना कार्य निदेशालय राजस्थान के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत राजस्थान में स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के विशेष डिजिटल अभियान की शुरुआत गुरुवार से हो गई। इसी क्रम में नगर पालिका मनोहरपुर में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 30 अप्रैल से 2 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसमें जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मकान सूचीकरण, मकानों की गणना और डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि स्व-गणना अभियान के तहत आम नागरिक 1 मई से 15 मई 2026 तक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। यह अभियान डिजिटल भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रगणकों को मकानों के सूचीकरण, परिवार विवरण एवं आवश्यक आंकड़ों के सही संकलन के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि नागरिकों द्वारा साझा की जाने वाली सभी सूचनाएं पूर्णतः सुरक्षित रखी जाएंगी।
नगर पालिका प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और समय सीमा के भीतर अपनी स्व-गणना पूर्ण कर राष्ट्र निर्माण में सहयोग दें। नगर पालिका प्रशासन का उद्देश्य है कि “हर व्यक्ति की गिनती” सुनिश्चित कर राजस्थान को इस डिजिटल अभियान में अग्रणी बनाया जाए।