निर्धन अनाथ बच्चों को वितरण की गई शिक्षण सामग्री

सुनील जैन की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
जयपुर। श्री हनुमान चालीसा प्रबंध समिति के संस्थापक संत अमरनाथ महाराज के सानिध्य में भांकरोटा स्थित आई इंडिया जयपुर द्वारा बी.पी.एल. एवं अनाथ बच्चों के लिए संचालित प्रेम पाठशाला में अध्ययनरत बच्चों को शिक्षण सामग्री प्रदान की गई। इस अवसर पर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।
ज्ञात हो कि श्री भन्दे बालाजी महाराज की कृपा से समिति निरंतर असहाय एवं जरूरतमंद बच्चों को स्कूलों में शिक्षण सामग्री वितरित करने का कार्य कर रही है। यह सेवा कार्य समाज के उन वर्गों तक सहायता पहुंचाने का माध्यम बन रहा है, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है।
हालांकि सरकार द्वारा स्कूलों में कई प्रकार की शिक्षण सामग्री उपलब्ध करवाई जाती है, लेकिन नोटबुक, स्टेशनरी, पानी की बोतल, लंच बॉक्स, बैग आदि आवश्यक सामग्री सभी बच्चों को उपलब्ध नहीं हो पाती। ऐसे में समिति द्वारा इन आवश्यक वस्तुओं का वितरण कर बच्चों की शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया जा रहा है।
समिति केवल शिक्षा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को संस्कारों से जोड़ने के लिए स्कूलों में अर्थ सहित सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन भी किया जा रहा है। इससे बच्चों में न केवल धार्मिक जागरूकता बढ़ रही है, बल्कि उनके भीतर सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का भी विकास हो रहा है।
इस अवसर पर उमेश शर्मा, रामस्वरूप यादव, रामावतार पालीवाल, योगेन्द्र निखरा, रवीन्द्र खंगारोत, अशोक कुमार शर्मा, राजेश विजयवर्गीय, महेश बम्ब, पंकज शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस सेवा कार्य में सहभागिता निभाते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *