
जाफ़र लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। कस्बे में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आमजन खासे परेशान हैं। प्रमुख मार्गों, बाजारों और मोहल्लों में बंदरों के झुंड खुलेआम घूमते नजर आ रहे हैं। कई जगहों पर बंदर लोगों के हाथों से सामान छीन रहे हैं तो वहीं छतों पर रखे सामान और घरों में नुकसान पहुंचाने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा लाखों रुपए खर्च कर कुछ बंदरों को पकड़ने का कार्य जरूर किया गया, लेकिन इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। कस्बे के कई इलाकों में आज भी बंदरों का आतंक बना हुआ है, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में डर का माहौल है।
नागरिकों का आरोप है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस योजना नहीं बनाई जा रही। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
इस संबंध में नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी हरिनारायण यादव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन पिछले दो दिनों से बंद आ रहा है। ऐसे में आमजन के बीच यह सवाल बना हुआ है कि आखिर कस्बे में बढ़ती बंदरों की समस्या का समाधान कब और कैसे होगा।
नगर पालिका के पीयूष शर्मा से बंदरों के समस्या से बात की गई तो उन्होंने बताया कि नगर पालिका में करीब 2 बड़े जाल ओर 4 छोटे जाल रखे पड़े है।एक ही जाल फील्ड में लगा होना बताया। अब जल्द ही नया टेंडर कर बंदर पकड़ने का कार्य किया जाएगा।