अमर शहीद बाबूलाल हरितवाल की प्रतिमा का अनावरण

पंचायती राज मंत्री खर्रा, सांसद राव राजेंद्र सिंह आदि ने दी श्रद्धांजलि
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। अमर शहीद बाबूलाल हरितवाल की प्रतिमा अनावरण समारोह के अवसर पर रविवार को गांव हनुतपुर में भव्य कार्यक्रम एवं विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में ग्रामीण, युवा, पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि एवं सेना के जवान शामिल हुए। सभी ने शहीद बाबूलाल हरितवाल को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
समारोह में राजस्थान सरकार के पंचायती राज मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह, विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़, जमवारामगढ़ विधायक महेंद्र पाल मीणा, शाहपुरा के पूर्व विधायक आलोक बेनीवाल, सैनिक कल्याण बोर्ड के पदाधिकारी, सेना के कर्नल, पूर्व सैनिक एवं अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रतिमा का अनावरण कर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह ने कहा कि किसी शहीद का सम्मान केवल उसकी प्रतिमा तक सीमित नहीं होता, बल्कि उसका व्यक्तित्व पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणा बन जाता है। उन्होंने कहा कि यदि अमर शहीद बाबूलाल के सम्मान में सोने की सड़क भी बना दी जाए, तब भी वह उनके बलिदान के सामने छोटी होगी। ग्रामीणों द्वारा सड़क निर्माण की मांग पर उन्होंने शहीद के सम्मान में हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
पंचायती राज मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि प्राचीन काल से लेकर आज तक राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले सभी वीर योद्धा समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहे हैं। मातृभूमि के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले सैनिकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में विधायक महेंद्र पाल मीणा ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले शहीद सदैव अमर रहते हैं। उन्होंने शहीद बाबूलाल हरितवाल, उनके माता-पिता और पूरे परिवार को नमन करते हुए कहा कि ऐसे वीर सपूतों के कारण ही देश सुरक्षित है और देशवासी चैन की जिंदगी जी रहे हैं। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों पर चलकर राष्ट्रसेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। कई युवाओं ने भावुक होकर कहा कि उन्हें गर्व है कि वे अमर शहीद बाबूलाल हरितवाल के नाम पर रक्तदान कर रहे हैं। इस दौरान कई लोगों की आंखें भी नम हो गईं और पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
यह जानकारी सुल्तान हरितवाल ने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *