
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। बनावड़ एवं मण्डावर के पटवारी सुल्तान सिंह यादव का अपने गृह जिला सीकर के खंडेला तहसील क्षेत्र में तबादला होने पर ग्रामीणों और समाजसेवियों ने उन्हें साफा और माला पहनाकर भावभीनी विदाई दी। सभी ने पटवारी के कार्यकाल की सराहना करते हुए उसको उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
हाल ही में जारी तबादला सूची में सुल्तान सिंह यादव का स्थानांतरण सीकर जिले में होने के बाद बनावड़ सरपंच पति एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य रोशन हवलदार के नेतृत्व में विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अध्यापक छोटेलाल सैन, जगमोहन मीणा (ऐदलपुर), शिवराम गुर्जर, शेर सिंह, विजय सिंह गुर्जर, कुलदीप गुर्जर, हीरालाल पंडित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने साफा एवं माला पहनाकर उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम में रोशन हवलदार ने कहा कि पटवारी सुल्तान सिंह यादव ने अपने कार्यकाल के दौरान आमजन और काश्तकारों के राजस्व संबंधी कार्य पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से किए। उन्होंने क्षेत्र को अपना परिवार मानकर लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया और जरूरतमंदों के कार्य बिना अनावश्यक देरी के पूरे कराए।
ग्रामीणों ने बताया कि सुल्तान सिंह यादव अधिकांश समय मुख्यालय पर उपलब्ध रहते थे और लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते थे। कई मामलों में वे फोन पर ही आवश्यक मार्गदर्शन और कार्रवाई कर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते थे। उनके सहज व्यवहार और कार्यशैली के कारण क्षेत्र के लोगों में उनकी अच्छी छवि बनी रही।
ग्रामीणों ने उनके नए कार्यस्थल पर भी इसी निष्ठा और ईमानदारी के साथ सेवाएं देने की शुभकामनाएं देते हुए भावभीनी विदाई दी।