


www.daylifenews.in
जयपुर। भारतीय विद्या भवन विद्याश्रम के.एम. मुंशी मार्ग में राधा सर्वेश्वर भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय के महाराणा प्रताप सभागार में आयोजित कार्यक्रम के प्रारम्भ में प्राथमिक विभाग के विद्यार्थियों द्वारा भजन “आए हरि आए, मेरे माधव आए..” के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के पृथ्वी पर अवतरण का आनंद अभिव्यक्त किया गया।
माध्यमिक विभाग के गायक कलाकार विद्यार्थियों द्वारा “चरण कमल बंदों हरि राई..” प्रस्तुति में मीरा, सूरदास और नरसी मेहता के पद गा कर प्रभु श्री कृष्ण की स्तुति की गई।
विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य नाटिका ‘कृष्णानुराग’ में भगवान श्रीकृष्ण पर रचित दोहों और पदों का मंचन और प्रदर्शन किया गया। प्रस्तुति के माध्यम से मानव जाति को निस्वार्थ भक्ति और निश्चल प्रेम के आनंद का संदेश दिया गया।
बालवाड़ी के नन्हें-मुन्हें कलाकारों ने भगवान कृष्ण की बालपन की अठखेलियों को दर्शाते हुए गोकुल में बालकृष्ण के भाव रूप से विह्वल मां यशोदा और नंद बाबा के प्यार को दिखाया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नृत्य नाटिका “कृष्णानुराग” रही जिसमें मन से मोहन तक’, जिसमें श्रीकृष्ण के अनन्य भक्तों की भक्ति-यात्रा को नृत्य, संगीत और भावपूर्ण अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
नृत्य-नाटिका में सूरदास, नरसी मेहता और मीरा बाई की कृष्णभक्ति को उनके अमर पदों और भजनों के माध्यम से सजीव किया गया। सूरदास के वात्सल्य भाव, नरसी मेहता की सेवा एवं समभाव की भावना और मीरा के अनन्य प्रेम व समर्पण ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। राधा-कृष्ण संवाद एवं महारास की मनोहारी प्रस्तुति के साथ नृत्य नाटिका का समापन हुआ।
समारोह में विद्यालय प्रबन्धन समिति के गणमान्य सदस्य व अन्य अतिथिगण भी उपस्थित थे। सभी प्रस्तुतियों की मनमोहक छटाओं ने दर्शकों को कृष्ण-भक्ति से ओतप्रोत कर दिया। सामूहिक आरती के पश्चात् प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। प्राचार्या प्रीति सांगवान ने समारोह में पधारे सभी मेहमानों का आभार प्रकट किया।