
राजनीतिक विचारधाराओं से अलग सामाजिक मेलजोल का संदेश देती नजर आईं महिला उम्मीदवार
शैलेश माथुर की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
सांभरझील। यहां नगरपालिका के सभी 25 वार्डों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न होने पर पार्टी उम्मीदवारों सहित सभी ने राहत की सांस ली। सुबह 7 बजे से ही शुरू हुआ मतदान धीरे-धीरे दोपहर बाद परवान चढ़ता चला गया। उम्मीदवारों ने निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार मतदान स्थल से निश्चित दूरी पर अपनी टेबलें लगाई। अपने-अपने समर्थकों के साथ मतदान करने जाने वालों को उनके नाम की पर्चियां उपलब्ध करवाई। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपना चाय नाश्ता भी टेबल पर ही किया। लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी ने उत्साह के साथ भाग लिया। सभी मतदान केदो पर सुरक्षाकर्मियों ने अपनी ड्यूटी निभाई। सांभर से बाहर रहने काफी तादाद में लोग अपना मतदान करने के लिए जयपुर, अजमेर से भी यहां पहुंचे तथा संबंधित वार्ड के मतदान केंद्र जाकर अपना मतदान कर वापस अपने घरों की और लोटे। मतदान के लिए प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों से मान मनुहार करते नजर आए। राजनीति में एक दूसरे के ध्रुव विरोधी समझे जाने वाले उम्मीदवारों का एक अनोखा नजारा भी यहां देखने को मिला। यहां के वार्ड 19 में एक ऐसी तस्वीर देखने को मिली जहां इसी वार्ड से पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रही भाजपा की सुशीला वैष्णव, कांग्रेस की खुशबू शर्मा व निर्दलीय प्रत्याशी राधादेवी सिंघानिया ने राजनीतिक विचारधाराओं से अलग सामाजिक मेलजोल का संदेश देते हुए एक साथ तस्वीर खिंचवाई। चुनावी मैदान में आमने-सामने होने के बावजूद महिला उम्मीदवारों की यह झलक स्वच्छ राजनीति का एक संदेश देती है।