शास्त्री नगर में धड़ल्ले से चल रहा है अवैध निर्माण का खेल

नादिरा बानो की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
जयपुर। शास्त्री नगर के हाऊसिंग बोर्ड रोड पर एटीम के सामने अवैध निर्माण का बड़ा खेल सामने चल रहा है, जहाँ नियमों को ठेंगा दिखाकर रिहायशी इलाके में कमर्शियल बिल्डिंग खड़ी कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों एवं स्थानीय लोगों ने बताया कि हाऊसिंग बोर्ड रोड पर एटीम के सामने, मकान नंबर 462 के पास इकराम नामक व्यक्ति द्वारा रिहायशी इलाके में बेसमेंट और मल्टी स्टोरी कमर्शियल बिल्डिंग बनाकर तैयार की जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस पूरी बिल्डिंग के लिए नगर निगम और जेडीए से कोई अनुमति नहीं ली गई है, न ही नक्शा पास है। बिना नक्शे और बिना एनओसी के रातों-रात धड़ल्ले से निर्माण कर पूरी बिल्डिंग तैयार कर दी गई और अब इसमें कमर्शियल एक्टिविटी शुरू करने की तैयारी है।
ये निर्माण नगर निगम अधिनियम 2009 की धारा 243W और जयपुर मास्टर प्लान के अनुसार पूरी तरह अवैध है। रिहायशी इलाके में बेसमेंट खोदकर कमर्शियल यूज करना मास्टर प्लान का सीधा उल्लंघन है। नियमानुसार रिहायशी इलाके में कमर्शियल बेसमेंट और मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के लिए भू-उपयोग परिवर्तन, पार्किंग, फायर एनओसी और स्ट्रक्चर परमिशन जरूरी है, लेकिन यहाँ कुछ भी नहीं लिया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दिन में काम बंद दिखाया जाता था और रातों-रात बिल्डिंग तैयार कर दी गई। निवासियों ने कई बार नगर निगम, जेडीए और थाने में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
रिहायशी इलाके में इस तरह की कमर्शियल बिल्डिंग से पार्किंग, ट्रैफिक, सीवरेज और सुरक्षा की बड़ी समस्या खड़ी होगी। लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मकान नंबर 462 के पास बनी इस अवैध कमर्शियल बिल्डिंग को तुरंत सीज कर ध्वस्त किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *