शाहपुरा NH-48 पुलिया में धंसाव से सुरक्षा पर सवाल

महज एक साल में पुलिया के हिस्से के धंसाने का दावा
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
शाहपुरा (जयपुर)। शाहपुरा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) की पुलिया के एक हिस्से में धंसाव सामने आने के बाद निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिया की मौजूदा स्थिति को लेकर सड़क सुरक्षा के लिहाज से चिंता जताई जा रही है। मामले में कुंवर दिगराज सिंह ने मौके पर पहुंचकर पुलिया का निरीक्षण किया और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों से तत्काल तकनीकी जांच कराने तथा आवश्यक मरम्मत करवाने की मांग की।
निरीक्षण के दौरान पुलिया के एक हिस्से में धंसाव दिखाई देने पर दिगराज सिंह ने इसे गंभीर विषय बताया। उन्होंने कहा कि NH-48 व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। ऐसे में पुलिया की स्थिति की अनदेखी करना वाहन चालकों की सुरक्षा के लिहाज से उचित नहीं है।
दिगराज सिंह ने कहा कि लाखों लोगों की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने पुलिया की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने, धंसाव के कारणों का पता लगाने और जरूरत के अनुसार मरम्मत एवं मजबूतीकरण कार्य करवाने की मांग की।
निर्माण गुणवत्ता की जांच की उठी मांग
पुलिया के निर्माण या मरम्मत कार्य के करीब एक वर्ष के भीतर ही धंसाव सामने आने की बात कही जा रही है। ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता, इस्तेमाल की गई सामग्री और रखरखाव की व्यवस्था की जांच को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, धंसाव के वास्तविक कारणों की पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी।
अब निगाहें NHAI की कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि संबंधित अधिकारी पुलिया की तकनीकी जांच करवाकर सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाते हैं और मरम्मत कार्य कब तक शुरू किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *