
www.daylifenews.in
शाहपुरा, मनोहरपुर (जयपुर)। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर रविवार को बिशनगढ़ मोड़ पर सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता महेश जड़वाल ने बालिकाओं को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य, सुरक्षा और समृद्धि की कामना की। इस दौरान बालिकाओं की शिक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महेश जड़वाल ने कहा कि बेटियां दो परिवारों को रोशन करती हैं। उनकी शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर और प्रोत्साहन देकर ही एक मजबूत एवं शिक्षित समाज का निर्माण किया जा सकता है।
उन्होंने लोगों से ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर बीआर वर्मा (अंग्रेजी व्याख्याता), रामकरण कमांडो, सुनील शर्मा, रामकुमार जड़वाल और बलराम जाट सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं बालिकाएं शामिल हुईं।