दोनों दलों की टिकट नहीं मिलने से नाराज दावेदारों पर रहेगी नजर

भाजपा-कांग्रेस ने मण्डावर पंचायत समिति के 15 वार्डों में उतारे प्रत्याशी
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। नवगठित मण्डावर पंचायत समिति के गठन के बाद पहली बार हो रहे सदस्य पद के चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। दोनों प्रमुख दलों ने सभी 15 वार्डों में प्रत्याशी उतारकर चुनावी मैदान में ताल ठोक दी है। सूची जारी होने के साथ ही प्रत्याशियों ने जीत के लिए प्रचार की तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि, टिकट की दौड़ में पिछड़ने वाले दावेदारों की नाराजगी और बागियों की संभावित उम्मीदवारी दोनों दलों का चुनावी गणित बिगाड़ सकती है।
दोनों ही दलों में प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम समय तक मंथन चला। सहमति बनने के बाद अधिकृत सूची जारी की गई। दोपहर बाद पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुड़ला के निर्देश पर विधानसभा प्रभारी सिद्धार्थ व्यास एवं मण्डावर ब्लॉक अध्यक्ष रामहरि मीणा ऊकरूंद ने रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपने पार्टी के प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न संबंधी दस्तावेज रिटर्निंग अधिकारी को सौंपे। वहीं भाजपा की ओर से प्रभारी एवं विधायक राजेंद्र मीणा ने अपने पार्टी प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न संबंधी दस्तावेज सौंपे।
सूची जारी होने के बाद क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
भाजपा ने इन प्रत्याशियों पर जताया भरोसा
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के निर्देशानुसार प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी श्रवण सिंह बगड़ी की ओर से पंचायत समिति के 15 वार्डों के अधिकृत प्रत्याशियों की संशोधित सूची जारी की गई। इसमें वार्ड एक बनावड़ (एसटी) से रामखिलाड़ी मीना, वार्ड दो नांगल सुमेर सिंह (सामान्य महिला) से बिदामी देवी मीना, वार्ड तीन जटवाड़ा (एसटी) से ममता मीना, वार्ड चार पाड़ला (ओबीसी) से जितेन्द्र गुर्जर तथा वार्ड पांच धौलखेड़ा (सामान्य) से डूंगर सिंह राजपूत को प्रत्याशी बनाया गया है।
इसी प्रकार वार्ड छह उकरूंद (एसटी महिला) से डॉ. प्रगति मीना, वार्ड सात वीरासना (सामान्य महिला) से स्नेहलता मीना, वार्ड आठ पाखर प्रथम (एससी) से सुरेन्द्र सिंह जाटव, वार्ड नौ केसरा (सामान्य) से रोहित कुमार बैंसला तथा वार्ड दस टिकरी किलानोत (एससी महिला) से सुनीता बैरवा को टिकट दिया गया है।
वहीं वार्ड 11 गढ़ हिम्मत सिंह (सामान्य महिला) से गीता देवी, वार्ड 12 रिंदली (सामान्य) से संतरा सैनी, वार्ड 13 हल्देना (एसटी महिला) से उगन्ती देवी मीना, वार्ड 14 कोट (सामान्य) से जगदीश जांगिड़ और वार्ड 15 मुनापुरा (सामान्य महिला) से हरकेशी मीना को भाजपा ने अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है।
कांग्रेस ने भी घोषित किए सभी 15 प्रत्याशी
कांग्रेस ने भी पंचायत समिति के सभी वार्डों में प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इसके तहत वार्ड एक बनावड़ से गुड्डी मीना पत्नी पप्पूलाल, वार्ड दो नांगल सुमेर सिंह से संतरा मीना पत्नी भगवान सहाय मीना, वार्ड तीन जटवाड़ा से रमेशचंद मीना, वार्ड चार पाड़ला से होतीलाल प्रजापत और वार्ड पांच धौलखेड़ा से घनश्याम अवस्थी को प्रत्याशी बनाया गया है।
इसी तरह वार्ड छह उकरूंद से लाली मीना, वार्ड सात वीरासना से कमलेश मीना, वार्ड आठ पाखर प्रथम से महेंद्र कुमार बैरवा, वार्ड नौ केसरा से लाल सिंह राजपूत और वार्ड दस टिकरी किलानोत से प्रेम बैरवा को टिकट दिया गया है।
वहीं वार्ड 11 गढ़ हिम्मत सिंह से गीता मीना पत्नी राजकुमार मीना, वार्ड 12 रिंदली से बैनेसिंह सैनी, वार्ड 13 हल्दैना से भगवती बाई मीना, वार्ड 14 कोट से निजामुद्दीन खान तथा वार्ड 15 मुनापुरा से राजबाई देवी खटीक को कांग्रेस ने अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है।
बागियों की नाराजगी बिगाड़ सकती है चुनावी गणित
पहली बार हो रहे पंचायत समिति चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के सामने अपने प्रत्याशियों को जीत दिलाने के साथ ही बागियों को मनाने की चुनौती भी रहेगी। टिकट की उम्मीद लगाए बैठे कई दावेदारों को पार्टी से मौका नहीं मिलने पर नाराजगी सामने आने की आशंका है। ऐसे में दोनों दलों के भीतर संभावित बगावत और निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है।
दोनों ही पार्टियां नाराज दावेदारों को मनाकर उन्हें पार्टी के पक्ष में सक्रिय करने का प्रयास करेंगी। वहीं प्रत्याशियों के सामने अपने समर्थकों को एकजुट रखने और मतदाताओं तक पहुंच बनाने की चुनौती रहेगी। निर्दलीय प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से कई वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना भी रहेगी।
प्रधान पद पर कब्जे के लिए भाजपा-कांग्रेस में जोर आजमाइश
मण्डावर नगर पालिका के हालिया चुनाव में भाजपा को मिली हार के बाद पंचायत समिति चुनाव पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन सकता है। भाजपा नवगठित पंचायत समिति में अपना पहला प्रधान बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकना चाहेगी। वहीं कांग्रेस भी नगर पालिका चुनाव में मिली सफलता के बाद जीत का सिलसिला बरकरार रखते हुए प्रधान पद पर कब्जा जमाने की रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी। ऐसे में 15 वार्डों के चुनाव परिणाम पंचायत समिति में सत्ता की तस्वीर तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *