

तलवारबाजी और डांड-पट्टा के हैरतअंगेज करतबों ने मोहा मन
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक दशहरा पर्व पर मनोहरपुर कस्बे में उल्लास और उत्साह का माहौल रहा। अंबेडकर नगर स्थित शिव गंगा माता मंदिर परिसर से भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक भजनों और डीजे की धुन पर नाचते-गाते श्रद्धालु गांधी चौक होते हुए माधोवेणी नदी तट स्थित दशहरा मैदान पहुंचे। यहां शाम करीब 6:15 बजे हजारों लोगों की मौजूदगी में 55 फीट ऊंचे रावण तथा 45-45 फीट ऊंचे कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। रावण दहन के साथ ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
राम दरबार की झांकी रही आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में राम दरबार की सजीव झांकी ने लोगों का मन मोह लिया। भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूपों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा में श्रद्धालु धार्मिक भजनों पर झूमते नजर आए। युवाओं ने रंग-गुलाल उड़ाकर पर्व की खुशियां मनाईं। दशहरा मैदान में रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित पहुंचे।
तलवारबाजी और डांड-पट्टा के हैरतअंगेज करतब
शोभायात्रा के दौरान दादू आश्रम के कलाकारों ने डांड-पट्टा, तलवारबाजी सहित कई रोमांचक करतब दिखाए। कलाकारों के हैरतअंगेज प्रदर्शन को देखकर दर्शक दांतों तले अंगुलियां दबाने को मजबूर हो गए। अखाड़ेबाजों के प्रदर्शन ने शोभायात्रा को और भी आकर्षक बना दिया।
2 हजार से अधिक लोगों की मौजूदगी में रावण दहन
शाम करीब 6:15 बजे दशहरा मैदान में रावण दहन का कार्यक्रम हुआ। भगवान राम और लक्ष्मण के स्वरूपों ने बाण चलाकर रावण के पुतले का दहन किया। इसके साथ ही कुंभकरण और मेघनाद के पुतले भी धू-धू कर जल उठे। इस दौरान मैदान में मौजूद लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला।
जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने किया स्वागत
शोभायात्रा के दौरान समाजसेवी सम्पूर्णानंद शर्मा और पूर्व उपसरपंच प्रतिनिधि कैलाश ने दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। गांधी चौक पर पालिकाध्यक्ष अर्जुन मोहनपुरिया और पार्षद सुनील असवाल ने अखाड़ेबाजों तथा गंगा माता मंदिर के संत मोहनदास महाराज का अभिनंदन किया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष अर्जुन मोहनपुरिया का साफा पहनाकर स्वागत किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
दशहरा पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाधिकारी आशुतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी। नगरपालिका की ओर से आयोजित दशहरा कार्यक्रम में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व पालिकाध्यक्ष सुनीता प्रजापत, समाजसेवी सम्पूर्णानंद शर्मा, महिपाल सिंह गुर्जर, विष्णु हरितवाल, शशिकांत बेनीवाल, अजय बेनीवाल, रवि बेनीवाल, सुनील बेनीवाल, रामस्वरूप बेनीवाल, अशोक व्यास, इमरान आजाद, शंकर प्रजापत सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।