हरमाड़ा में बच्चों की किलकारियों से गूंजा मैदान

मनीष सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मनोरंजक खेल प्रतियोगिता
सुनील जैन की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
जयपुर। हरमाड़ा। मनीष सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जोड़ला, हरमाड़ा, गायत्री नगर में प्रधानाचार्य हेमराज मंगावा के नेतृत्व में बच्चों के लिए विशेष मनोरंजक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस दौरान मीडिया प्रभारी सुनील जैन ने बच्चों को एक से बढ़कर एक रोमांचक एवं मनोरंजक खेल खिलाए। कार्यक्रम की शुरुआत चाचाजी, बापूजी और लालजी एक्शन गेम से हुई, जिसमें बच्चों ने हंसी-मजाक के साथ खूब आनंद लिया। इसके बाद आंखों पर पट्टी बांधकर गेंद को बाल्टी में डालना, गोल घेरा बनाकर आंखों पर पट्टी और सिर पर गिलास रखकर संतुलन बनाए रखना तथा तीन कुर्सियों पर रखे अलग-अलग रंगों के गुब्बारों को पहचानकर निर्धारित लाइन पर कूदना जैसे रोचक खेल करवाए गए।
खेल प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों ने तालियां बजाकर एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाया। पूरा विद्यालय परिसर बच्चों की हंसी और किलकारियों से गूंज उठा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर महावीर निठारवाल के सौजन्य से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महावीर निठारवाल ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ मनोरंजक खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, एकाग्रता, निर्णय लेने की क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम में डायरेक्टर मनीष निठारवाल, प्रभारी मंजू शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *