
श्री काशीबाई छगनलाल झवेरी स्कूल में विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
सुनील जैन की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
जयपुर। श्री काशीबाई छगनलाल झवेरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, महावीर मार्ग, सी-स्कीम, जयपुर में सरदार पटेल जयंती एवं दीपावली के अवसर पर रंगोली मेकिंग, ग्रीटिंग कार्ड मेकिंग एवं दीपक सजावट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में कक्षा 3 से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर, सुंदर ग्रीटिंग कार्ड तैयार करके तथा दीपकों को विभिन्न रंगों और सजावटी सामग्रियों से सजाकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों से विद्यालय परिसर में दीपावली के उत्सव का माहौल बन गया।
विद्यालय के मानद मंत्री रजनीकांत पटेल ने प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ सांत्वना पुरस्कार प्राप्त प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और कलात्मक कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार वाजा ने विद्यार्थियों को दीपावली के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि दीपावली प्रकाश, खुशियों और आपसी भाईचारे का पर्व है। यह त्योहार हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा प्रेम और सद्भावना के साथ मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित दीपावली मनाने, पर्यावरण का ध्यान रखने और जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने का संदेश दिया।
इस अवसर पर समाजसेवी सुनील जैन ने बच्चों को जागरूक करते हुए कहा कि दीपावली पर चाइनीज पटाखों का प्रयोग नहीं करना चाहिए तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। अंत में उन्होंने सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।