
सुनील जैन की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
जयपुर। हरमाड़ा स्थित जोड़ला गायत्री नगर के मनीष सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के मनोरंजन, आत्मविश्वास एवं एकाग्रता बढ़ाने के उद्देश्य से वर्गो सांस्कृतिक संस्था की ओर से विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर महावीर सिंह निठारवाल ने किया।
वर्गो सांस्कृतिक संस्था की अध्यक्ष रूपाली राव के निर्देशन में संस्था के सूचना मंत्री सुनील जैन ने विद्यार्थियों को विभिन्न रोचक एवं मनोरंजक खेल खिलाए। प्रतियोगिताओं में आंखों पर पट्टी बांधकर गुब्बारों की पहचान करना, गेंद को बास्केट में डालना, गोल घेरे में सिर पर रखे गिलास को ढूंढना तथा चाचाजी, लालाजी और बापूजी के मजेदार एक्शन जैसे खेल शामिल रहे।
खेल प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। बच्चों की हंसी-मजाक और उत्साहपूर्ण गतिविधियों से विद्यालय परिसर खुशी और उल्लास से गूंज उठा। सभी विद्यार्थियों ने खेलों का भरपूर आनंद लिया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर मनीष निठारवाल ने कहा कि इस प्रकार की मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं से बच्चों में आत्मविश्वास, एकाग्रता, निर्णय लेने की क्षमता एवं आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। पढ़ाई के साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक है। इस अवसर पर इंचार्ज मंजू शर्मा समस्त स्टाफ मौजूद रहे।