वृद्ध महिला गंभीर घायल, जयपुर एसएमएस ट्रोमा सेंटर में भर्ती

गोवर्धन पूजा पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला
तीन दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। शहर के बाईपास स्थित करणबास चौराहे के समीप गोवर्धन पूजा के दिन एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों में लाठी-डंडों, पत्थरों और ईंटों से जमकर हमला हुआ। इसमें एक पक्ष की वृद्ध महिला सहित परिवार के कई लोग घायल हो गए। गंभीर घायल महिला को जयपुर के एसएमएस अस्पताल स्थित ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, दूसरे पक्ष के भी कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद एक पक्ष की ओर से परिवार के ही दूसरे पक्ष के तीन दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। परिवादी ने एकराय होकर घर में घुसकर मारपीट करने, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ करने, कार को क्षतिग्रस्त करने तथा उसमें रखे तीन लाख रुपए ले जाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में घुसकर लाठी-डंडों और पत्थरों से किया हमला
पुलिस को दी रिपोर्ट में करणबास पाखर निवासी नरेंद्र कुमार सैनी ने बताया कि 10 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा के दिन सुबह करीब 8:15 बजे वह घर पर घरेलू काम कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले पवन सैनी सहित करीब 40 लोग लाठी-डंडे, पत्थर और ईंट लेकर एकराय होकर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि आते ही आरोपियों ने परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। हमले में उसकी मां रामपति देवी को पत्थरों और डंडों से गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवादी के साथ भी मारपीट की गई। वहीं, उसके भाई की पत्नी रूपन्ती और भतीजे आशीष सहित परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें पहुंचाई गईं।
कार में तोड़फोड़, तीन लाख रुपए ले जाने का आरोप
परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि हमलावरों ने घर में पत्थरबाजी कर तोड़फोड़ की। घर के बाहर खड़ी कार को भी लाठी-डंडों और पत्थरों से क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि कार में रखे हिसाब-किताब के तीन लाख रुपए भी ले गए। परिवादी के अनुसार कार में तोड़फोड़ से करीब 50 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।
जयपुर में जिंदगी और मौत से जूझ रही वृद्धा
हमले में गंभीर घायल रामपति देवी को परिजन जयपुर के एसएमएस अस्पताल स्थित ट्रोमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने घायलों का मेडिकल मुआयना करवाने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दूसरे पक्ष के घायल होने की बात सामने आने के बाद घटना के दोनों पक्षों की स्थिति भी जांच का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *