20 दिन से खराब पड़ा बोरवेल, बूंद-बूंद पानी को तरस रहे वार्डवासी

सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। नगरपालिका मण्डावर के वार्ड नंबर 4 में जलदाय विभाग कार्यालय के पास स्थित बोरवेल पिछले करीब 20 दिनों से खराब पड़ा है। बोरवेल की मोटर खराब होने से वार्डवासियों के सामने पेयजल संकट गहरा गया है। हालात यह हैं कि लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। बार-बार शिकायतों के बावजूद बोरवेल दुरुस्त नहीं होने से वार्डवासियों में जलदाय विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। हैरानी की बात यह है कि खराब पड़े बोरवेल की केबल भी चोर काटकर ले गए, लेकिन इसके बाद भी विभाग की ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
वार्ड निवासी रमन सैनी ने बताया कि जलदाय विभाग कार्यालय के पास स्थित बोरवेल की मोटर करीब 20 दिन पहले खराब हो गई थी। इससे आसपास के क्षेत्र में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो गई। समस्या को लेकर कई बार जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को अवगत कराया और शिकायतें भी दीं, लेकिन हर बार आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। इसी दौरान बोरवेल की केबल भी चोरी हो गई। इसके बावजूद विभागीय अधिकारियों ने न तो मोटर दुरुस्त करवाई और न ही नई केबल लगाकर बोरवेल को चालू करवाने की व्यवस्था की।
मवेशियों के लिए भी पानी जुटाना मुश्किल
वार्डवासियों का कहना है कि बोरवेल बंद होने से केवल लोगों को ही नहीं, बल्कि मवेशियों को भी पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में जिस तरह पानी की जरूरत होती है, उसी तरह अन्य दिनों में भी नियमित जलापूर्ति जरूरी है, लेकिन विभाग की लापरवाही से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। घरों में नलों से भी पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा। वार्डवासियों के अनुसार चार से पांच दिन में एक बार महज आधे घंटे के लिए पानी की आपूर्ति होती है। इतनी कम आपूर्ति में घरेलू जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो रहा है।
अधिकारी बोले- दो दिन पहले ठीक करवाया, लोग बोले- अब भी खराब
मामले में सहायक अभियंता ऊमा सैनी ने बताया कि बोरवेल को दो दिन पहले ही दुरुस्त करवा दिया गया है। वहीं वार्डवासियों का कहना है कि मौके पर बोरवेल अभी भी खराब पड़ा है और पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है। ऐसे में विभागीय दावे और धरातल की स्थिति में अंतर नजर आ रहा है। वार्डवासियों ने जलदाय विभाग के अधिकारियों से मौके पर स्थिति की जांच करवाकर बोरवेल को चालू कराने और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *