विधायक मनीष यादव ने फोर-लेन का सदन में उठाया मुद्दा

SH-13 व SH-37 के चौड़ीकरण व फोर-लेन की मांग
www.daylifenews.in
जयपुर/शाहपुरा। विधायक मनीष यादव ने विधानसभा में नियम 295 के तहत शाहपुरा क्षेत्र से गुजरने वाले स्टेट हाईवे-13 (शाहपुरा–अजीतगढ़) एवं स्टेट हाईवे-37 (चौमूं–अजीतगढ़) के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं फोर-लेन किए जाने की मांग उठाई।
विधायक ने कहा कि इन दोनों मार्गों पर यातायात जाम की स्थिति अत्यंत गंभीर, चिंताजनक एवं जनहित के लिए घातक बन चुकी है। प्रतिदिन भारी संख्या में यात्री, व्यावसायिक एवं भारी वाहनों का आवागमन होता है, जबकि वर्तमान में दोनों सड़कें दो-लेन होने के कारण यातायात का सुरक्षित एवं सुचारू संचालन संभव नहीं हो पा रहा है। इसके चलते आए दिन लंबे जाम, दुर्घटनाएं और जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
विधायक ने बताया कि प्रस्तावित कोटपुतली–किशनगढ़ वाया रींगस एक्सप्रेस हाईवे के बावजूद SH-13 मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश राज्यो सहित धौलपुर, भरतपुर एवं अलवर जिलो से आने वाले वाहनों का प्रमुख मार्ग है। इसी मार्ग से हजारों श्रद्धालु खाटूश्याम जी, त्रिवेणी धाम, सालासर, नीमकाथाना एवं सीकर जैसे प्रमुख धार्मिक व पर्यटन स्थलों की ओर जाते हैं। साथ ही रीको औद्योगिक क्षेत्र शाहपुरा, अजीतगढ़ एवं अजमेरी से जुड़े औद्योगिक एवं वाणिज्यिक वाहनों का भी भारी आवागमन होता है।
इसी प्रकार SH-37 चौमूं (NH-52) से अजीतगढ़ वाया सामोद, धवली एवं राडावास होते हुए जयपुर से नीमकाथाना, उदयपुरवाटी, पिलानी एवं झुंझुनू को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जिस पर भारी वाहनों, औद्योगिक परिवहन एवं स्थानीय यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है। दोनों ही स्टेट हाईवे की स्थिति अधिकांश स्थानों पर जर्जर है।
विधायक यादव ने जनहित, यातायात सुगमता, सड़क सुरक्षा तथा क्षेत्र के औद्योगिक व आर्थिक विकास को ध्यान में रखते हुए किसानों, व्यवसायियों एवं रहवासियों को उचित मुआवजा प्रदान कर SH-13 एवं SH-37 को चौड़ाईकरण, सुदृढ़ीकरण कर फोर-लेन में परिवर्तित करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *