
विधायक मनीष यादव ने विधानसभा में उठाया शाहपुरा की जर्जर सड़कों का मुद्दा
www.daylifenews.in
जयपुर/शाहपुरा। शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र की मुख्य एवं ग्रामीण सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर विधायक मनीष यादव ने विधानसभा में जोरदार तरीके से मुद्दा उठाया। उन्होंने सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि क्षेत्र की कई सड़कें अत्यंत जर्जर और जानलेवा हो चुकी हैं, जिन पर चलना आमजन के लिए खतरे से खाली नहीं है।
विधायक मनीष यादव ने बताया कि जगह-जगह गहरे गड्ढे, उखड़ी हुई सतह और टूटी सड़कों के कारण रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस समस्या से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, किसानों एवं दुपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि शाहपुरा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण “मिसिंग लिंक” सड़कें वर्षों से लंबित हैं, जो गांवों को तहसील, जिला मुख्यालय, अस्पताल, विद्यालय, औद्योगिक क्षेत्रों एवं बाजारों से जोड़ने के लिए बेहद आवश्यक हैं। इन सड़कों के अभाव में लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे समय, ईंधन और धन की बर्बादी हो रही है, वहीं आपातकालीन सेवाएं भी समय पर नहीं पहुंच पा रही हैं।
विधायक मनीष यादव ने सरकार से मांग की कि शाहपुरा क्षेत्र की जर्जर सड़कों का शीघ्र मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कराया जाए तथा वर्षों से लंबित मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण जल्द पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास, आर्थिक प्रगति और जनसुरक्षा की आधारशिला होती हैं, इसलिए शाहपुरा के नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुविधा देना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।