
जाफ़र लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। बावड़ी धाम से लुनियावास (जयपुर) के लिए बाबा बालनाथ जी महाराज एवं बस्तीनाथ जी महाराज की पावन पदयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ विधिवत रूप से रवाना हुई।
पदयात्रा के शुभारंभ होते ही पूरा क्षेत्र “बाबा बालनाथ जी महाराज की जय” और “बस्तीनाथ महाराज की जयकारों से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने पदयात्रा में शामिल होकर बाबा के प्रति अपनी गहरी आस्था और समर्पण प्रकट किया।
इस भव्य पदयात्रा का नेतृत्व बाबा बस्ती नाथ जी महाराज के पावन सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उनके निर्देशन में श्रद्धालु अनुशासन, भक्ति और सेवा भाव के साथ पदयात्रा में सहभागिता निभा रहे हैं। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर पदयात्रियों का भव्य स्वागत किया गया।
महिलाओं,युवाओं और बुजुर्गों की सहभागिता ने पदयात्रा को और भी ऐतिहासिक बना दिया। यह पदयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे, धर्म और आस्था का सशक्त संदेश देती नजर आई। पदयात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, जयकारों और धार्मिक नारों से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया।
पूर्व सरपंच मदन यादव ने कहा कि बाबा बालनाथ जी महाराज एवं बस्तीनाथ महाराज की कृपा से जीवन में सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। डॉ. सुरेन्द्र यादव एवं विभिन्न भक्त मंडलियों द्वारा पदयात्रियों के लिए जल, फलाहार, प्राथमिक चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं, जिससे सेवा और सहयोग की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इस अवसर पर महावीर गुर्जर, कमलेश गुर्जर, बुधाराम हवलदार, पुरण, जिला पार्षद राजेन्द्र यादव, बेघराज, श्रीराम, राहुल , विकास यादव,रामावतार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।