कांग्रेस 27 मार्च को शहीद स्मारक पर बड़ा विरोध-प्रदर्शन करेगी

कांग्रेस के विभाग एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष/संयोजकों की बैठक
www.daylifenews.in
जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, पर अग्रिम संगठनों तथा कांग्रेस के विभाग एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष/संयोजकों की बैठक लेकर किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष श्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने सभी विभागों एवं प्रकोष्ठों को निर्देश दिये कि जिस क्षेत्र के कार्य के लिये गठन किया गया है उक्त क्षेत्र में सभी विभाग एवं प्रकोष्ठ अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हुये जनता के मध्य पहुॅंचकर उनकी दु:ख-तकलीफों में शामिल होते हुये मदद करने के लिये कार्य करें। सभी विभाग एवं प्रकोष्ठ अपने संगठन का विस्तार ब्लॉक, मण्डल और बूथ तक अनिवार्य रूप से करें तथा प्रदेश के एवं आमजन के मुद्दों को लेकर जनता के बीच कार्य करें और जिला कांग्रेस कमेटी व प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित सभी कार्यक्रमों में विभाग एवं प्रकोष्ठों के जिला तथा प्रदेश पदाधिकारी अनिवार्य रूप से शामिल हों।
डोटासरा ने कहा कि मध्य पूर्व एशिया में चल रहे युद्ध के कारण देश में एलपीजी एवं पेट्रोलियम पदार्थों का संकट खड़ा हो सकता है, यह जानकारी लोकसभा में नेता विपक्ष श्री राहुल गॉंधी ने दी थी तथा सरकार से मांग की थी कि इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर सभी दलों के साथ प्रधानमंत्री चर्चा कर युद्ध कारण उत्पन्न संकट से सामना करने की रणनीति पर विचार करें, किन्तु सत्ताधारी भाजपा के नेताओं ने उक्त समय कांग्रेस एवं नेता विपक्ष श्री राहुल गॉंधी की कही बात की अनदेखी करते हुये किसी प्रकार संकट ना होने की बात कही और इसी का प्रचार किया, लेकिन लोकसभा में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सार्थक चर्चा करने की बजाए युद्ध के कारण देश में संकट और एलपीजी व पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत के कारण होने वाली परेशानी आने की बात कही, साथ ही देशवासियों को इस संकट की घड़ी में अपने हाल पर छोड़ते हुये सरेण्डर कर दिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जिस प्रकार कोरोना काल में 15 दिन के लिये आमजन से दूर होकर गायब हो गये थे, उसी प्रकार इस युद्ध के कारण उत्पन्न संकट के समय आमजन से दूर होकर देशवासियों को अपने हाल पर छोड़ते हुये संकट का सामना करने की अपील कर रहे हैं जबकि डबल इंजन की भाजपा सरकार को देश और प्रदेश की जनता के समक्ष कोई कठिनाई ना आये, इस पर ध्यान देना चाहिये। देशभर में गैस की किल्लत से लोग परेशान है जिसका कारण केन्द्रीय सरकार की गलत विदेश नीति है। सदियों से मित्र राष्ट्र ईरान से संबंध तोडक़र अमेरिकी राष्ट्रपति के दबाव में प्रधानमंत्री इजरायल चले गये जिस कारण ईरान आज भारत को दुश्मन देश की नजर से देख रहा है और वहॉं से रसोई गैस व पेट्रोल-डीजल प्राप्त करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। यह भारत सरकार की गलत विदेश नीति का ही परिणाम है कि रसोई गैस की कमी के कारण ना सिर्फ आम उपभोक्ता परेशान है बल्कि प्रदेश के टाईप, प्रिटिंग, सिरेमिक और उर्वरक जैसे उद्योग या तो बंद हो गये हैं अथवा उनका काम कम हो गया है, जिस कारण हजारों प्रदेश के लोग बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं। रसोई गैस की कमी के कारण लोगों के विवाह समारोह निरस्त हो गये, देशभर में रसोई गैस पर आधारित उद्योगों के बंद होने से कोरोना महामारी के समय की स्थिति बन गई है और हजारों मजदूर अपने-अपने गृह क्षेत्रों में पलायन करने के लिये मजबूर हो गये हैं। कांग्रेस पार्टी रसोई गैस की किल्लत से परेशान आमजन की आवाज डबल इंजन की भाजपा सरकार तक पहुॅंचाने के लिये जयपुर में 27 मार्च, 2026 को शहीद स्मारक पर बड़ा विरोध-प्रदर्शन कर सरकार को नींद से जगाने का कार्य करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *