
जाफ़र लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। मनोहरपुर क्षेत्र के युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने और विद्यालय में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ऑल इंडिया किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव कुंवर दिगराज सिंह शाहपुरा द्वारा धूलेश्वर महाविद्यालय, मनोहरपुर के क्रिकेट ग्राउंड में मरम्मत करके क्रिकेट पिच का निर्माण करवाया गया।
यह मैदान काफी समय से जर्जर अवस्था में था, जिसके कारण विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। विद्यार्थियों की इस समस्या को देखते हुए दिगराज सिंह शाहपुरा ने व्यक्तिगत पहल करते हुए मैदान का निरीक्षण किया और बच्चों के बेहतर खेल वातावरण के लिए क्रिकेट पिच तैयार करवाने का कार्य पूर्ण करवाया।
इस अवसर पर दिगराज सिंह शाहपुरा ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, केवल उन्हें उचित सुविधाएँ और मंच प्रदान करने की आवश्यकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी मनोहरपुर क्षेत्र में शिक्षा और खेल के क्षेत्र में हर संभव सहयोग किया जाएगा ताकि युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। स्थानीय विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने इस पहल के लिए कुंवर दिगराज सिंह शाहपुरा का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे बच्चों को क्रिकेट खेलने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।