
देश और प्रदेश दोनों के लिए अत्यंत लाभकारी बजट—सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री
www.daylifenews.in
जयपुर। राज्य के सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री श्री गौतम दक ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मीडिया संवाद में केन्द्रीय बजट के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026–27 का बजट प्रधानमंत्री के मूल मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” को साकार करने वाला है। यह बजट देश और राजस्थान दोनों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इसमें युवा शक्ति, महिलाओं तथा आमजन की आकांक्षाओं को केंद्र में रखते हुए उनकी क्षमता वृद्धि पर विशेष ध्यान दिया गया है। यह बजट मध्यम वर्ग और किसानों के लिए विशेष रूप से लाभकारी रहेगा।
श्री दक ने बताया कि यह बजट आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत-2047 की मजबूत नींव रखता है। मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर, आईटी सर्विसेज और डेटा सेंटर्स के विस्तार से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा स्टार्ट-अप को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बजट में आर्थिक विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। भारत को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। ‘सेमीकंडक्टर मिशन’ के अंतर्गत बड़ी घोषणाएं की गई हैं। साथ ही देश में रेयर अर्थ कॉरिडोर स्थापित किया जाएगा, जिससे भारत अपनी आवश्यकताओं को स्वदेशी संसाधनों से पूरा कर सकेगा और विदेशी निर्भरता कम होगी।
मीडिया संवाद के दौरान बेगूं विधायक डॉ. सुरेश धाकड़, जिला कलक्टर आलोक रंजन, रतनलाल गाडरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) प्रभा गौतम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद विनय पाठक, बीनू देवल, हर्षवर्धन सिंह, श्रवण सिंह, सुधीर जैन सहित बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।