पिछड़े वर्गों के लिए छात्रावास हेतु निःशुल्क भूमि आवंटन की मांग

www.daylifenews.in
जयपुर/शाहपुरा। कांग्रेस विधायक मनीष यादव ने विधानसभा में प्रदेश के वंचित एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण हेतु निःशुल्क भूमि आवंटन की मांग उठाई।
विधायक यादव ने सदन में कहा कि प्रदेश में कई जाति एवं उपजाति समूह आज भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं से वंचित हैं। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण ये वर्ग शिक्षा के क्षेत्र में अपनी जनसंख्या के अनुपात में पर्याप्त प्रतिनिधित्व प्राप्त नहीं कर पाए हैं। अनुसूचित जाति वर्ग में रैगर, बलाई, धोबी, खटीक, हरिजन, सांसी, बावरिया, नट सहित कई जातियां तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग में मीणा, धानका आदि और डीएनटी समुदाय की कई जातियां आज भी शैक्षणिक दृष्टि से पिछड़ेपन का सामना कर रही हैं। इसके साथ ही अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) में नाई, दर्जी, जोगी, नाथ, गोस्वामी, सिद्ध, कुमावत, कुम्हार, खाती, बंजारा, तेली, स्वामी, बैरागी, नायक, छिपा, कसाई, सुनार, तमोली, लुहार, रैबारी, मनियार, सपेरा, मंसूरी, ढाड़ी, कीर-मेहरा, कलाल, पटवा, भाट, राव, जागा, नीलगर, दरोगा सहित अनेक जातियां शिक्षा के क्षेत्र में पर्याप्त अवसरों से वंचित हैं।
विधायक ने कहा कि इन समुदायों का शैक्षणिक प्रतिनिधित्व कम है, उनकी सामाजिक संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर जयपुर सहित प्रदेश के प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों पर विद्यार्थियों के लिए छात्रावास निर्माण हेतु निःशुल्क भूमि आवंटित की जाए। साथ ही समाज की संस्थाओं के सहयोग से इन छात्रावासों का निर्माण और संचालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *