
भक्ति और आस्था का संगम: श्रीनाथ नगर में सजा माता रानी का भव्य दरबार
सांगानेर-प्रताप नगर क्षेत्र रहा भक्तिमय
हर्ष शर्मा की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
जयपुर| सांगानेर-प्रताप नगर स्थित श्रीनाथ नगर के श्री मां वैष्णो देवी मंदिर में इस वर्ष चैत्र नवरात्र महोत्सव अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पूरे नौ दिनों तक मंदिर में माता रानी का दिव्य दरबार सजाया गया, जहाँ भक्तों को हर दिन मां के अलग-अलग स्वरूपों के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
आकर्षक पोशाकों में सजा दिव्य रूप आयोजन के दौरान पंडित हर्ष शर्मा, पिहू शर्मा, देवांशु, संस्कार और रश्मि सुमन शर्मा ने पूर्ण समर्पण के साथ माता का श्रृंगार किया। प्रतिदिन माता रानी को विशेष आकर्षक पोशाकों से सुसज्जित किया गया, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर अलौकिक आभा से सराबोर नजर आया।
कालरात्रि पर दिखा मां काली का रौद्र रूप महोत्सव के सातवें दिन ‘कालरात्रि’ के अवसर पर माता रानी का मां काली के स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया। इस भव्य और रौद्र रूप ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भक्तों का लगा तांता – नौ दिनों तक चले इस विशेष उत्सव में प्रतिदिन भारी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर समिति और स्थानीय निवासियों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में भक्ति की अनूठी छटा देखने को मिली।