प्लास्टिक पर्यावरण ही नहीं मानव स्वास्थ्य के लिए बड़ी चुनौती — ज्ञानेन्द्र रावत

विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून पर विशेष
लेखक : ज्ञानेन्द्र रावत
लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं पर्यावरणविद हैं।
www.daylifenews.in
प्लास्टिक का संकट अब केवल पर्यावरण के लिए ही नहीं है, बल्कि वह मानव स्वास्थ्य के लिए भी बहुत बड़ी चुनौती के रूप में मुंह बाये खड़ा है। शरीर का कोई भी अंग इसके दुष्प्रभाव से अछूता नहीं रहा है। इसे देखते हुए ही दुनिया के वैज्ञानिकों ने अब दुनिया में आपातकाल लगाने की सलाह दी है। असलियत में हालात इतने भयावह हो गये हैं कि हमारी रोज़मर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक की चीजें पर्यावरण ही नहीं, बल्कि दिल की सेहत के लिए भी खतरा बनती जा रही हैं। न्यूयॉर्क यूनीवर्सिटी लैंगान हैल्थ के एक शोध में खुलासा हुआ है कि दुनियाभर में दिल की बीमारियों से हुयी तकरीबन 3.56 लाख मौतों का सम्बंध प्लास्टिक में इस्तेमाल होने वाले रसायन डाय-2 ऐथाइलहेक्सिल प्थेलेट यानी डीईएचपी से जुड़ा हुआ पाया गया है। दरअसल डीईएचपी एक तरह का रसायन है जो प्लास्टिक को लचीला और टिकाऊ बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यह रसायन खासतौर पर खाने-पीने के डिब्बे, बर्तन, बोतलें, खाद्य कंटेनर, माइक्रोवेव में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक के कंटेनर, बच्चों के नरम प्लास्टिक के खिलौने, मेडिकल उपकरण जैसे आई वी ट्यूब और ब्लड बैग,, प्लास्टिक पाइप, कीटनाशक, डिटर्जेन्ट और परफ्यूम,नेल पालिश,हेयर स्प्रे जैसे कास्मेटिक्स में पाया जाता है। जब यह रसायन टूटकर सूक्ष्म कणों में बदल कर शरीर में पहुंचता है, तब वह हृदय की धमनियों में सूजन बढ़ाता है जिससे हृदय गति रुक सकती है और स्ट्रोक का खतरा कई गुणा बढ़ जाता है। भारत में इससे सबसे अधिक मौतें यानी 1,03,587 दर्ज की गयी हैं। इसके बाद चीन और जापान का स्थान है।
देखा जाये तो हर सप्ताह क्रेडिट कार्ड जितना माइक्रोप्लास्टिक इंसान के शरीर में जा रहा है। तुर्की की काकुरोवा यूनिवर्सिटी के हालिया शोध से यह खुलासा हुआ है। शोधकर्ता सेदात गंडोडू के अनुसार 2016 से 2024 के बीच किये अध्ययन में यह निष्कर्ष निकला है कि इंसान के दिमाग में 50 फीसदी से अधिक माइक्रोप्लास्टिक के कण मौजूद हैं जो कैंसर, दिल के रोग, डिमेंशिया जैसे दिमागी बीमारियों और अल्जाइमर का कारण हो सकते हैं। गौरतलब है कि इस साल की शुरुआत में मैक्सिको यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिक प्रोफेसर मैथ्यू कैंपेन ने यह कहकर सनसनी मचा दी थी कि-“इंसान के दिमाग में पांच से दस ग्राम प्लास्टिक के महीन कण हैं जो संभवतः एक प्लास्टिक के चम्मच के आकार के बराबर हैं।” इसको देखते हुए शोधकर्ताओं ने दुनिया के देशों को प्लास्टिक ,खासकर सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को पूरी तरह बंद करने की सलाह दी थी। इससे यह साबित होता है कि मानव शरीर का कोई भी हिस्सा माइक्रोप्लास्टिक से अछूता नहीं है। इस रिपोर्ट के बाद ही भारत में एफ एस एस ए आई ने माइक्रोप्लास्टिक के विस्तार और दुष्प्रभावों के अध्ययन के लिए शुरू की गयी परियोजना में सी एस आई आर, आई सी ए आर सहित केन्द्रीय भारतीय मत्स्य प्रौद्योगिकी संस्थान,कोच्चि को शामिल किया है ताकि इसके उपरांत इससे होने वाली बीमारियों के प्रकोप से निजात मिल सके। दरअसल इसके विस्तार में उपभोक्तावाद की संस्कृति ने इसमें अहम भूमिका निबाही है जो बेहद चिंताजनक और मानव जीवन के लिए सबसे बड़ा खतरा है। इसके कारण ही पर्यावरण संरक्षण हेतु बने कानून केवल किताबों की शोभा बनकर रह गये हैं। असलियत यह है कि प्लास्टिक कचरे का संकट मानव सभ्यता के लिए भयावह रूप अख्तियार करता जा रहा है। इसके विस्तार में उपभोक्तावाद में आकंठ डूबी हमारी जीवन शैली की अहम भूमिका है। इससे महानगर ही नहीं, छोटे शहर -कस्बे और गांव भी अछूते नहीं रहे हैं। रोजमर्रा के कामों में प्लास्टिक का उपयोग इस बात का साक्षी है कि वह चाहे दूध हो, सब्जी हो, किराने का सामान हो, तेल हो, घी हो या फिर कोई भी तरल पदार्थ ही क्यों न हो, या फिर आटा, दाल हो, वह सब प्लास्टिक के थैलों में आ रहा है। यह भी सच है कि खान-पान में इस्तेमाल होने वाली गर्म वस्तु तो प्लास्टिक के संपर्क में आने पर हुयी रासायनिक क्रिया से और जहरीली हो जाती है जो मानव स्वास्थ्य के लिए जानलेवा साबित हो रही है। इससे कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी होने की आशंका को नकारा नहीं जा सकता।

गौरतलब है कि प्लास्टिक हजारों साल तक विघटित नहीं होता। इसके कचरे का आसानी से दोबारा उत्पादन भी संभव नहीं है। वैज्ञानिकों की मानें तो इसको नष्ट करने में 500 से लेकर 1000 साल तक लग जाते हैं। इसको जलाने से निकली जहरीली गैस मानव स्वास्थ्य के लिए जानलेवा तो होती ही है, यह मिट्टी में पहुंच कर उसकी उर्वरा शक्ति तक को नष्ट कर देता है, मवेशियों के पेट में पहुंच कर उनकी मौत का सबब बनता है सो अलग। इसके कण मसूडो़ं, त्वचा में संक्रमण के कारण बन रहे हैं। आंख में चिपक कर कोर्निया को घायल कर सकते हैं। सौंदर्य उत्पादों-प्रसाधनों में मौजूद माइक्रोबीड्स त्वचा के छोटे-छोटे उभारों में संक्रमण के कारण बनते हैं। यही नहीं हवा में मौजूद माइक्रोप्लास्टिक कण सांस के जरिये फेफड़ों को प्रभावित कर सकते हैं। फूड चेन और मानव भोजन में माइक्रोप्लास्टिक की मौजूदगी जहरीले रसायनों के असर को सुनिश्चित करती है। इस प्रकार ये कण शाकाहारी या मांसाहारी भोजन के जरिये मानव शरीर में पहुंच कर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहे हैं। असलियत में हर साल समुद्र में 5 से 14 मिलियन टन प्लास्टिक पहुंच रहा है। यह टूटकर माइक्रोप्लास्टिक में बदल जाता है। यह फूड चेन के जरिये इंसान ही नहीं, पशु-पक्षियों के शरीर में भी पहुंच रहे हैं। टूथपेस्ट, शैम्पेन और हेयर क्रीम के जरिये रोजाना 2.4 माइक्रोग्राम माइक्रोप्लास्टिक कण हमारे शरीर में पहुंच रहे हैं। कार के टायरों से हर 100 किलोमीटर पर 20 ग्राम प्लास्टिक की धूल उड़ती है। माइक्रोप्लास्टिक प्रकृति में भौतिक, एंजाइमेटिक और माइक्रोबियल गिरावट की विभिन्न प्रक्रियाओं से गुजरता है। लेकिन यह पूरी तरह टूटता नहीं है। समुद्र में प्राथमिक माइक्रोप्लास्टिक का औसत वार्षिक आंकड़ा 7.5 मिलियन टन होने का अनुमान है। और यह भी अहम तथ्य है कि जलीय पर्यावरण में माइक्रोप्लास्टिक को हटाना अत्यंत कठिन है। इस प्रकार आने वाले दिनों में माइक्रोब और नैनोप्लास्टिक बहुत बड़ी समस्या बनने वाली है। इसके चलते दुनिया में करोडो़ं लोगों के प्रभावित होने की आशंका है।
एक अनुमान के मुताबिक समुद्र में अब कोई जलीय जीव प्लास्टिक के प्रभाव से बचा नहीं रह सका है। और जब जलीय जीव यथा मछली आदि को इंसान खाता है तो ये मानव शरीर में पहुंच जाते हैं। 2025 तक समुद्र में जलीय जीवों से ज्यादा प्लास्टिक कण होंगे। 2050 तक समुद्र में मछलियों से ज्यादा प्लास्टिक होगी। प्लास्टिक के भयावह खतरों को देखते हुए दुनिया के 40 देश प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगा चुके हैं। इनमें फ्रांस, चीन, इटली, रवांडा और केन्या शामिल हैं। लेकिन भारत का इस बारे में रुख समझ से परे है। देश में हर साल तकरीबन 56 लाख टन प्लास्टिक कचरे का उत्पादन होता है। इसमें से लगभग 9205 टन प्लास्टिक को रिसाइकिल कर दोबारा उपयोग में लाया जाता है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार अकेले देश की राजधानी दिल्ली में हर रोज 690 टन कचरा निकलता है जबकि चेन्नई में 429 टन, कोलकाता में 426 टन और मुंबई में 408 टन कचरा रोजाना निकलता है। पूरे देश की हालत क्या होगी, यह विचार का विषय भी है और हालात की भयावहता का सबूत भी है। इस बारे में हमें आयरलैंड से सबक सीखना होगा जहां प्लास्टिक के इस्तेमाल पर 2002 में ही पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया था। नतीजतन 95 फीसदी तक प्लास्टिक उपयोग में कमी आई। साल भर के बाद वहां के 90 फीसदी दुकानदारों ने दूसरे तरह के बैग का इस्तेमाल शुरू कर दिया। पांच साल बाद 2007 में वहां इसके इस्तेमाल पर 22 फीसदी टैक्स लगा दिया। उस राशि को वहां पर्यावरण कोष में जमा कर एक मिसाल कायम की गयी।
दरअसल प्लास्टिक हर स्थिति में खतरनाक है। यह जल, मृदा, वायु प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण है। यह भी कि इसके निर्माण में गुणवत्ता नियमों का किंचित मात्र भी पालन नहीं किया जाता। जाहिर है यह सब सामाजिक व्यवस्था और आर्थिक ढांचे को भी खंड-खंड कर रहा है। इसका मूल कारण हमारे यहां प्लास्टिक के कुशल प्रबंधन का सर्वथा अभाव है। इसके लिए जरूरी है हम सब अपनी जीवन शैली में बदलाव लायें अन्यथा यदि यही हालात रहे तो बहुत देर हो जायेगी। उस समय हम हाथ मलते रह जाएंगे और हमारे पास करने को कुछ नहीं होगा। फिलहाल अब जल्द सचेत हो जाने का समय है। यहां गौरतलब है कि हाई एंबिशन गठबंधन प्लास्टिक प्रदूषण से निजात पाने की दिशा में कचरे के निस्तारण के साथ इसके उत्पादन को सीमित करने का पक्षधर है, वहीं ग्लोबल कोलिएशन फार सस्टेनेबिल प्लास्टिक ग्रुप है जो विकासशील देशों के लिए प्लास्टिक उत्पादन में बाध्य होकर कटौती किए जाने को व्यावहारिक नहीं मानता है। ऐसा मानने वाले देश हैं भारत, रूस, ईरान, चीन, सऊदी अरब, क्यूबा और बहरीन जो प्लास्टिक जनित प्रदूषण से निपटने को स्वैच्छिक लक्ष्य के हिमायती हैं। असल में प्लास्टिक उत्पादन का सीधा सम्बन्ध तेल और गैस उद्योग से जुड़ा हुआ है। इसमें उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले अहम पदार्थ कच्चे तेल एवं नेचुरल गैस से ही हासिल किए जाते हैं। यही वह अहम वजह है जिसके चलते पैट्रोकैमिकल्स कंपनियों के साथ साथ जीवाश्म ईंधन पर निर्भर देश प्लास्टिक पर कठोर प्रावधानों का विरोध कर रहे हैं। इस मुद्दे पर सहमति समूची दुनिया के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी, इस सच्चाई को झुठलाया नहीं जा सकता। (लेखक का अपना अध्ययन एवं अपने विचार हैं)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *