
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
शाहपुरा/अमरसर (जयपुर)। शाहपुरा तहसील के निकटवर्ती ग्राम अमरसर में स्थित दरगाह हजरत मिर्जा बाबा (र.ह.) का सालाना उर्स आगामी 17 अप्रैल से बड़े ही अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जाएगा। उर्स को लेकर स्थानीय ग्रामवासियों और खादिमों द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
इस दौरान उर्स के मौके पर तीन दिनों तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान खादिम इमरान अली ने बताया कि 17 अप्रैल 2026 (शुक्रवार) उर्स का आगाज मिलाद शरीफ के कार्यक्रम से होगा, जो ईशा की नमाज के बाद आयोजित किया जाएगा।वही 18 अप्रैल 2026 (शनिवार): इस मुख्य दिन पर असर की नमाज के बाद पवित्र चादरपोशी की रस्म अदा की जाएगी। इसी दिन रात को ईशा की नमाज के बाद शानदार कव्वाली का प्रोग्राम होगा, जिसमें नामचीन कव्वाल अपनी प्रस्तुति देंगे। वही 19 अप्रैल (रविवार) को उर्स का समापन सुबह फज्र की नमाज के समय कुल की रस्म के साथ होगा, जहाँ मुल्क में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी जाएगी।
इस दौरान खादिम इरफान अली और इमरान अली ने बताया कि ‘पठानों का बास’ स्थित दरगाह पर आयोजित होने वाले इस उर्स मेले में हर साल बड़ी संख्या में जायरीन शिरकत करते हैं। वही उन्होंने समस्त ग्राम जनता, अमरसर की ओर से आमजन से गुजारिश की गई है कि वे अधिक से अधिक तादाद में उर्स में शामिल होकर पुण्य (सबाब-ए-दारैन) हासिल करें।