
www.daylifenews.in
मुंबई। पिछले एक दशक से अधिक समय से डिजिटल मनोरंजन का अनुभव एकतरफा रहा है—जहां आप ब्राउज़ करते हैं, क्लिक करते हैं और देखते हैं। आज जियो हॉटस्टार और ओपेनएआई ने एक ऐतिहासिक रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है, जो इस अनुभव को एक जीवंत संवाद में बदल देगी। इस साझेदारी के तहत भारत के सबसे बड़े स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म में चैटजीपीटी-संचालित ‘वॉइस कैंपेनियन’ और शानदार अनुभव को चरणबद्ध तरीके से शामिल किया जाएगा।
जियो हॉटस्टार के वाइस चेयरमैन उदय शंकर ने कहा, “ओपेनएआई के साथ हमारी साझेदारी दर्शकों को केवल अपनी आवाज़ के जरिए कंटेंट खोजने और उसे अपनी पसंद के अनुसार बनाने की सुविधा देगी। यह मनोरंजन के अनुभव की एक नई कल्पना है—जो सांस्कृतिक रुझानों को समझती है और हर दर्शक को व्यक्तिगत अहसास कराती है।” ओपेनएआई में एप्लिकेशंस की सीईओ फिडजी सिमो ने कहा, “जियो हॉटस्टार के साथ हमारी साझेदारी के माध्यम से हम ‘पर्सनलाइज्ड एआई’ को सीधे मनोरंजन और लाइव स्पोर्ट्स के बीच ला रहे हैं, जिससे हर पल दर्शकों के लिए गहराई से जुड़ने का एक अवसर बन जाता है” इस सहयोग के माध्यम से, जियो हॉटस्टार “क्या देखें?” की उलझन को सुलझाने के लिए ‘मल्टीलिंगुअल कॉग्निटिव सर्च’ पेश कर रहा है। इससे दर्शकों को कभी ना खत्म होने वाली स्क्रॉलिंग की थकान से मुक्ति मिलेगी और कंटेंट खोजने का एक सार्थक और व्यक्तिगत अनुभव प्राप्त होगा।