
सुनील जैन की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
जयपुर। मनीष सीनियर सेकेंडरी स्कूल में होली पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इंचार्ज मंजू शर्मा के नेतृत्व में विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी सजावट, गुब्बारों और आकर्षक होली थीम डेकोरेशन से सजाया गया, जिससे पूरे वातावरण में उत्सव का रंग घुल गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने पारंपरिक तिलक होली खेली और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल का तिलक लगाकर शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही फूलों की होली भी खेली गई, जिसमें बच्चों ने पुष्प वर्षा कर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर छात्रों ने होली पर आधारित गीतों और “चक डफ” की धुन पर नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। मीडिया प्रभारी सुनील जैन ने बताया कि शिक्षकों ने भी बच्चों के साथ सहभागिता करते हुए सुरक्षित एवं पर्यावरण मित्र होली मनाने का संदेश दिया।
विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर महावीर सिंह निठारवाल ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में आपसी प्रेम, एकता और भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम का समापन मिठाइयों के वितरण एवं शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के साथ हुआ इस अवसर पर प्रधानाचार्य हेमराज मंगावा व डायरेक्टर मनीष निठारवाल ने सभी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी।