इस्लाहे मआशरा कमेटी की पहल, मस्जिदों में हो रहे आदर्श निकाह

www.daylifenews.in
जयपुर। राजस्थान के कुरैशी समाज में दहेज के लेन-देन पर पाबंदी लग रही है। समाज के वरिष्ठजन एवं नामवर लोग अपने लड़के-लड़कियों की शादी में दहेज का लेन-देन बंद कर एक मिसाल कायम कर रहे है। इस मुहिम में गत वर्ष वरिष्ठ समाजसेवी एवं बिजनेसमैन झोटवाड़ा निवासी छुट्टन कुरैशी ने अपनी बेटी आलिमा की नो गार्डन, नो डिनर, नो दहेज के पैटर्न पर शादी कर एक मिसाल कायम की। इस कड़ी को आगे बढ़ाते हुए एमडी रोड की इस्लाहे मआशरा कमेटी ने भूमिका निभाते हुए सादगी के साथ निकाह के कई आयोजन मस्जिद में कराए। दहेज के बिना लेन-देन की इसी कड़ी में गुरुवार 8 जनवरी को झोटवाड़ा की नूरानी मस्जिद में मेराज कुरैशी ने अपनी पुत्री शहनाज का निकाह रामनगर शास्त्री नगर के जहीरूद्दीन के पुत्र जुनैद के साथ सादगी से संपन्न कराया। शरीयत के अनुसार निकाह की रस्म अदायगी के बाद सभी आगंतुकों को खिजूर पेश कर अगवानी की गई। इस मौके पर बिरादरी के वरिष्ठ जन एवं बड़ी संख्या में समाजसेवी शामिल हुए।
दहेज नहीं लेने का किया ऐलान
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व बिजनेसमैन छुट्टन कुरैशी ने अपने भतीजे सोहेल का एमडी रोड निवासी नासिर कुरैशी की पुत्री अंजुम के साथ मस्जिद कुरैशियान में सादगी के साथ शरीयत के मुताबिक निकाह की रस्म अदायगी कराई। वहीं उन्होंने दहेज नहीं लेने का ऐलान किया। जिसकी सभी उपस्थित लोगों ने प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *