

भीलवाड़ा की पीएम श्री राजकीय बालिका उमावि बापू नगर में
www.daylifenews.in
भीलवाड़ा। पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बापू नगर में आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विधिक सहायता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में बतौर मुख्य वक्ता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से न्यायिक अधिकारी ग्रीष्मा शर्मा ने बालिकाओं को साइबर सेफ्टी के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन फ्रॉड, फेक प्रोफाइल, साइबर बुलिंग, फोटो मॉर्फिंग और डिजिटल अरेस्ट जैसे बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए।
जज ग्रीष्मा शर्मा ने कहा, “मोबाइल और इंटरनेट आज जरूरत हैं, लेकिन बिना सावधानी के ये जोखिम भी बन सकते हैं। किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP शेयर न करें और साइबर अपराध होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।” उन्होंने पोक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध कानून और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी साझा की।
विद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता नानकानी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह शिविर बालिकाओं को डिजिटल युग में सुरक्षित और सजग रहने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में कक्षा नवी से 12वीं की 200 से अधिक छात्राओं व शिक्षिकाओं ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में न्याय विभाग से ओमप्रकाश गुर्जर भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुनीता जोशी ने किया। अंत में छात्राओं को विधिक साक्षरता . एवं साइबर सुरक्षा पंपलेट भी वितरित किए गए। (प्रेस नोट)