
जाफ़र लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। राष्ट्रीय महासचिव, ऑल इंडिया किसान कांग्रेस, कुंवर दिगराज सिंह शाहपुरा ने जयपुर ग्रामीण के गुरुकुल शिक्षण संस्थान उच्च माध्यमिक विद्यालय हरचन्दपुरा, कंवरपुरा के वार्षिकोत्सव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर विद्यार्थियों को क्रिकेट किट की खेल सामग्री भेंट की। इस अवसर पर बच्चों के उत्साह और चेहरे पर झलकती खुशी ने पूरे समारोह को ऊर्जा और उमंग से भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान जब विद्यार्थियों ने स्वयं आगे बढ़कर खेल सामग्री की मांग रखी, तो कुंवर दिगराज सिंह शाहपुरा ने तत्काल सकारात्मक पहल करते हुए उन्हें आवश्यक खेल उपकरण उपलब्ध करवाए। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का निर्माण भी करता है।
कुंवर दिगराज सिंह शाहपुरा ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में बच्चों को मोबाइल और डिजिटल दुनिया से बाहर निकालकर खेल के मैदान से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। खेल से ही स्वस्थ शरीर और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, केवल उन्हें सही अवसर और संसाधनों की आवश्यकता है।
विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों ने दिगराज सिंह शाहपुरा के इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से बच्चों में खेल के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा उत्पन्न हुई है।
कुंवर दिगराज सिंह शाहपुरा ने आश्वस्त किया कि वे भविष्य में भी शिक्षा और खेल के क्षेत्र में बच्चों को प्रोत्साहित करने हेतु निरंतर सहयोग करते रहेंगे। उनका यह कदम समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।