
जाफ़र लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और संघ प्रचारक मोहन सिंह गुर्जर के जन्मदिवस एवं प्रदेश सरकार के दो सफल वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यहाँ भूतनाथ गौशाला में एक विशेष गौसेवा एवं समर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गौमाताओं को हरा चारा, गुड़ एवं दलिया खिलाकर मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और प्रदेश की निरंतर उन्नति की मंगलकामना की गई।
युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र कसाना के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शर्मा जी के कुशल मार्गदर्शन में राजस्थान उत्तरोत्तर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उनके जन-केंद्रित नेतृत्व ने प्रदेश के विकास को नई गति दी है।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष रामप्रकाश नाई, राहुल यादव, पूर्व मंडल महामंत्री प्रहलाद गुर्जर, मंडल उपाध्यक्ष नंदलाल गुर्जर, इस्माइल खान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकस्वर से मुख्यमंत्री को हार्दिक बधाई दी और प्रदेश सरकार की सफलता के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम में गौसेवा को समर्पण का प्रतीक बताते हुए कहा गया कि यही सेवाभाव राज्य के समग्र विकास की नींव है। इस तरह के सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम मुख्यमंत्री के जन्मदिवस को एक सार्थक उत्सव में बदल देते हैं।