14 मार्च से कलानेरी आर्ट गैलेरी में आयोजित होगी राष्ट्रीय बहुविषयी कला रेजिडेंसी

‘ट्रेडीशंस इन ट्रांजिशन’ में जयपुर में होगा परंपरा और समकालीन कला का संगम
www.daylifenews.in
जयपुर। जयपुर में परंपरागत और समकालीन कला के बीच संवाद को नया आयाम देने के उद्देश्य से 14 मार्च से 19 मार्च 2026 तक ‘ट्रेडीशंस इन ट्रांजिशन’ शीर्षक से राष्ट्रीय बहुविषयी कला रेजिडेंसी का आयोजन किया जायेगा। यह आयोजन कलानेरी आर्ट सेंटर और आयाम रेजिडेंसी के सहयोग से कलानेरी आर्ट गैलरी में होगा, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकार भाग लेंगे।
इस रेजिडेंसी में ऐसे कलाकार शामिल होंगे जो विभिन्न माध्यमों में काम करते हुए भारतीय पारंपरिक कला-भाषाओं को समकालीन दृष्टिकोण के साथ पुनः व्याख्यायित करते हैं।
कलानेरी आर्ट गैलरी की ओनर और इस कार्यक्रम की क्यूरेटर सौम्या विजय शर्मा ने बताया कि इनमें 16 से 18 मार्च तक प्रिंट मेकिंग वर्कशॉप, 17 मार्च को टेक्सटाइल आर्ट वर्कशॉप तथा 18 से 19 मार्च तक ‘माता ने पाछेड़ी’ वर्कशॉप शामिल हैं। इन कार्यशालाओं में विशेषज्ञ कलाकार प्रतिभागियों को पारंपरिक तकनीकों और समकालीन प्रयोगों से परिचित कराया जायेगा।
रेजिडेंसी के दौरान कलाकार गैलरी में बनाए गए स्टूडियो स्पेस में कार्य करेंगे तथा दर्शकों के लिए अपनी रचनात्मक प्रक्रिया को खुला रखेंगे। कला प्रेमी और विद्यार्थी यहां लाइव डेमो, स्टूडियो विजिट, कलाकार संवाद और इंटरैक्टिव वर्कशॉप्स के माध्यम से कलाकारों के साथ सीधे संवाद कर सकेंगे। इस प्रकार यह आयोजन केवल प्रदर्शन तक सीमित न रहकर कला को समझने और अनुभव करने का एक जीवंत अवसर प्रदान करेगा।
इस कार्यक्रम की एक विशेषता यह भी है कि प्रतिभागियों को समकालीन टेक्सटाइल आर्ट, प्रिंट मेकिंग और गुजरात की ऐतिहासिक लोक कला ‘माता ने पाछेड़ी’ जैसे विविध कला रूपों को नज़दीक से समझने और उन्हें स्वयं अनुभव करने का अवसर मिलेगा।
सौम्या शर्मा ने आगे बताया की पिछले 16 वर्षों से कलानेरी आर्ट सेंटर जयपुर में दृश्य कला के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। संस्था प्रदर्शनियों, कला रेजिडेंसी और विभिन्न शैक्षिक कार्यक्रमों के माध्यम से कला संवाद को निरंतर आगे बढ़ाती रही है। उन्होंने कहा कि यह नई रेजिडेंसी उसी परंपरा का विस्तार है, जिसका उद्देश्य परंपरा और समकालीन कला के बीच रचनात्मक संवाद स्थापित करना है। (प्रेस नोट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *