रोज़ पढ़ेंगे हनुमान चालीसा, नहीं चलायेंगे मोबाइल – बच्चों का संकल्प

सुनील जैन की रिपोर्ट
wwwdaylifenewsin
जयपुर। श्री हनुमान चालीसा प्रबंध समिति के संस्थापक संत अमरनाथ महाराज के सानिध्य में जोबनेर स्थित सरस्वती कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में श्री हनुमान चालीसा सामूहिक पाठ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और पूरे भाव व श्रद्धा के साथ एक स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को मोबाइल फोन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया गया। विशेष रूप से छोटे बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रहने की प्रेरणा देते हुए मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने का संकल्प दिलाया। कम उम्र में मोबाइल का अत्यधिक प्रयोग बच्चों की एकाग्रता, स्मरण शक्ति और संस्कारों पर नकारात्मक प्रभाव डालता है।
इस अवसर पर बच्चों को राष्ट्र के प्रति उनकी ज़िम्मेदारियों से भी अवगत कराया गया तथा अच्छे संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को अर्थ सहित हनुमान चालीसा पुस्तकों का वितरण किया गया, जिससे वे पाठ के साथ-साथ उसके भाव और अर्थ को भी समझ सकें।
विद्यालय के संचालक महेंद्र कुमावत ने बताया कि हनुमान चालीसा पाठ से बच्चों में नकारात्मकता दूर होती है और स्मरण शक्ति में वृद्धि होती है। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय में प्रार्थना सभा के दौरान नियमित रूप से हनुमान चालीसा पाठ कराया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम बच्चों के व्यवहार और अध्ययन में देखने को मिल रहे हैं।
इस दौरान महेंद्र कुमावत, बुद्धिप्रकाश भाईसाब, प्राजेंद्र अग्रवाल, राजेंद्र नागा, गोविंद कुमावत, गोगराज सूंडा, विजय कुमार, बिरदी चंद सहित अनेक गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *