
www.daylifenews.in
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा में विश्व शांति और मानव कल्याण की भावना के साथ 9 अप्रैल को विश्व नवकार महामंत्र दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर दुनिया के 108 देशों के साथ भीलवाड़ा में भी सामूहिक रूप से नवकार महामंत्र का जाप किया जाएगा। शहर के मेडिसिटी ग्राउंड में सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु एक साथ सर्वकल्याणकारी और मंगलकारी नवकार महामंत्र की आराधना करेंगे। यह आयोजन जीतो के आह्वान पर जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम को लेकर संत समाज और शहर के गणमान्य नागरिकों ने पोस्टर का विमोचन करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस महाआयोजन में शामिल होने की अपील की। इस दौरान जीतो चैप्टर के चीफ सेक्रेटरी मनीष शाह, कन्वीनर और ट्रेज़रार प्रतीक कावड़िया, ललित डोसी, लोकेश अजमेरा और समाजसेवी गजानंद बजाज मौजूद रहे।
हरी सेवा उदासीन आश्रम के महामंडलेश्वर हंसराम महाराज ने कहा कि 9 अप्रैल को सुबह 8 बजे से 9:30 मिनट तक विश्व के 108 देशों में एक साथ नवकार महामंत्र का जाप किया जाएगा। यह आयोजन विश्व शांति और अहिंसा के संदेश को मजबूत करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंत्र किसी जाति या संप्रदाय में भेद नहीं करता, बल्कि मानवता और आध्यात्मिक एकता का संदेश देता है। उन्होंने भीलवाड़ा को सौभाग्यशाली बताते हुए कहा कि यहां समय-समय पर बड़े धार्मिक आयोजन होते रहते हैं और संत-महात्माओं का आगमन इस भूमि को और अधिक पवित्र बनाता है। जब किसी नगर में संतों का सम्मान होता है तो वह नगर आध्यात्मिक रूप से समृद्ध होता है।
संकट मोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरी महाराज ने कहा कि जीतो भीलवाड़ा द्वारा आयोजित इस सामूहिक जाप में सभी श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक संख्या में भाग लेना चाहिए। उनका कहना है कि जब बड़ी संख्या में लोग एक साथ मंत्र जाप करते हैं तो वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
टेकरी के बालाजी मंदिर के महंत बनवारी शरण महाराज काठियां बाबा ने कहा कि पूरे भारत में नवकार मंत्र का यह विशाल अनुष्ठान आयोजित हो रहा है। इससे समाज में एकता, ऊर्जा और सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने भीलवाड़ा के लोगों से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
निंबार्क आश्रम के महंत मोहन शरण शास्त्री ने इसे दिव्य आयोजन बताते हुए कहा कि शास्त्रों के अनुसार एक बार भी भगवान का नाम लेने से पापों का नाश होता है। ऐसे में जब करोड़ों लोग एक साथ मंत्र का जाप करेंगे तो निश्चित रूप से विश्व कल्याण की दिशा में यह एक बड़ा आध्यात्मिक प्रयास होगा।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि जीतो संगठन विश्व शांति के उद्देश्य से सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी नवकार मंत्र जाप का भव्य आयोजन हुआ था और इस बार भी भीलवाड़ा की जनता से इसी तरह के सहयोग की अपेक्षा है। उनका कहना है कि यह आयोजन न केवल भीलवाड़ा बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणादायी पहल है।