महिलाओं के लिए लघु उद्योग कार्यशालाएं जल्द शुरू : चमन कंवर

www.daylifenews.in
जयपुर। अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन के माध्यम से महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष चमन कंवर ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लघु उद्योग कार्यशालाएं जल्द प्रारम्भ की जाएंगी। चमन कंवर ने बताया कि इन कार्यशालाओं का उद्देश्य महिलाओं को ऐसे व्यावहारिक कौशल सिखाना है, जिससे वे घर बैठे भी स्वरोजगार शुरू कर सकें और आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें। कार्यशालाओं में महिलाओं को मंगोड़ी-पापड़ निर्माण, झाड़ू बनाना, पेपर क्राफ्ट, सिलाई-कढ़ाई, मोमबत्ती निर्माण सहित अन्य हस्तशिल्प से जुड़ा प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन जरूरतमंद महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उनके छोटे उद्योग स्थापित करने के लिए मार्गदर्शन एवं सहयोग भी प्रदान करेगा। इस परियोजना की रूपरेखा महिला विंग के शिक्षा प्रकोष्ठ अध्यक्ष (राजस्थान) बबीता वर्मा की अध्यक्षता में तैयार की जा रही है, जबकि राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम कंवर के सहयोग से इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। साथ ही प्रदेश संगठन मंत्री सुनीता सैनी को भी इस अभियान में अहम भूमिका दी गई है। संगठन ने बताया कि यह कार्यशाला अभियान देश के लगभग 24 राज्यों में चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सके। यह पहल महिलाओं के कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *