आधी रात मचा हड़कंप भरभराकर गिरा जर्जर हवेली का हिस्सा

जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। स्थानीय कस्बे के काला गोरा मोहल्ला (वार्ड संख्या 7) में बीती रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक पुरानी जर्जर हवेली का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। गनीमत रही कि घटना आधी रात की थी और रास्ते में कोई मौजूद नहीं था, वरना जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था। इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है। वही
हवेली का हिस्सा गिरने से भारी पत्थर और मलबा आम रास्ते में फैल गया है। मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध होने के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस पर पूर्व पार्षद नीलम नायक का कहना है कि यह आम रास्ता है इस रास्ते से लोग आते जाते रहते हैं, यदि यह हादसा दिन में होता तो कई लोग इसकी चपेट में आ सकते थे। उन्होंने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों ने नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष व्यक्त किया है। लोगों का सीधा आरोप है कि पालिका प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।क्योंकि पूर्व में पालिका ने सर्वे करवाकर इन जर्जर हवेलियों को चिह्नित किया था और मालिकों को नोटिस भी जारी किए थे, लेकिन नोटिस देने के बाद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
निवर्तमान पार्षद नीलम नायक सहित मोहल्ले के अन्य गणमान्य लोगों ने कई बार लिखित और मौखिक रूप से पालिका प्रशासन को इस खतरे से अवगत कराया था, उसके बाद पालिका अधिशाषी अधिकारी हरिनारायण यादव ने उस रस्ते को बंद करवाया था और बोर्ड भी लगाया था। उसके बाद इस ओर से ध्यान हटा लिया था।
वार्डवासियों ने मांग की है जल्द ही मलबे को हटाकर इन जर्जर ढांचों के खिलाफ स्थायी समाधान किया जाए। फिलहाल, पूरे वार्ड में जर्जर हो चुकी अन्य हवेलियों को लेकर भी लोग डरे हुए हैं। कई बार प्रशासन को बताया कि ये हवेलियां मौत को दावत दे रही हैं, लेकिन अधिकारी सिर्फ कागजी खानापूर्ति कर शांत बैठ गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *