

www.daylifenews.in
भीलवाड़ा। बापूनगर स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) एवं एसडीएमसी सदस्यों के लिए जागरूकता एवं क्षमता संवर्धन विषयक दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 07 जनवरी से 08 जनवरी 2026 तक किया गया, जिसका समापन आज सफलतापूर्वक हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता नानकानी द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर स्थानीय पार्षद लव कुमार जोशी एवं लाडो सेवा फाउंडेशन के प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह राठौड़ द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत प्रारंभ किया गया। कार्यक्रम का संचालन संजू शर्मा ने किया।
प्रशिक्षण सत्रों में मुख्य प्रशिक्षक कमांडर राजेन्द्र कुमार शर्मा ने विद्यालय नामांकन, सामुदायिक जागरूकता, मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील), बाल अधिकार, जनसहभागिता तथा विद्यालय विकास में एसएमसी की भूमिका एवं जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। प्रतिभागियों को एसएमसी के अधिकारों एवं कर्तव्यों से भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर पार्षद लव कुमार जोशी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यालय के सर्वांगीण विकास हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानाचार्या सुनीता नानकानी ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशिक्षकों एवं एसएमसी–एसडीएमसी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। वहीं संजू शर्मा ने लाडो सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित लाडो स्पोर्ट्स एकेडमी के माध्यम से बालिकाओं के सर्वांगीण विकास हेतु खेल, जीवनोपयोगी कौशल एवं जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की।