4 गांवों को मिलेगी उच्च गुणवत्ता की बिजली – पुष्पेंद्र चौधरी

सुराणा ग्रिड पर लगा 3.15 MVA का नया पावर ट्रांसफार्मर
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। लंबे समय से कम वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से जूझ रहे सुराणा क्षेत्र के चार गांवों के हजारों उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है।
आज सुराणा ग्रिड उपकेंद्र (GSS) पर 3.15 MVA क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक स्थापित कर चालू कर दिया गया है।
क्या होगा फायदा?
जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड मनोहरपुर के सहायक अभियंता श्रीमान पुष्पेंद्र चौधरी ने बताया कि इस नए ट्रांसफार्मर के लगने से सुराणा, छारसा, शिवलालपुरा और भीखा वाला गांवों में बिजली आपूर्ति स्थिर और गुणवत्तापूर्ण होगी।
इससे पहले पुराने ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड के कारण गर्मी और त्योहारों के समय घंटों बिजली गुल रहती थी तथा लो वोल्टेज के कारण कृषि पंप और घरेलू उपकरण खराब हो रहे थे।
2 ब्लॉक में बिना ट्रिपिंग के मिलेगी बिजली
चौधरी ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर दो ब्लॉक में आपूर्ति करेगा ब्लॉक-A से सुराणा व छारसा को और ब्लॉक-B से शिवलालपुरा व भीखा वाला को बिजली दी जाएगी। इससे लोड बंट जाएगा और बिना ट्रिपिंग के 24 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। साथ ही लो वोल्टेज की समस्या का भी स्थायी समाधान हो गया है।
ग्रामीणों ने इस कदम पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि अब रात में वोल्टेज ड्रॉप की समस्या समाप्त होगी और सिंचाई के लिए भी पर्याप्त बिजली मिल पाएगी।
इस अवसर पर जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड शाहपुरा के सहायक अभियंता (एच टी एम) ओम प्रकाश प्रजापत व जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड खोरा लाड़खानी के कनिष्ठ अभियंता पंकज सिंह आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *