रमज़ान का महीना त्याग, संयम, करुणा और आध्यात्मिक साधना का प्रतीक

मनोहरपुर के तोपचीवाडा स्थित मस्जिद में रोज़ा इफ्तार करते रोजदार
जाफ़र लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। पवित्र माह रमज़ान के अवसर पर मनोहरपुर के तोपचीवाडा स्थित मस्जिद में रोज़ेदार मुस्लिम भाइयों के लिए इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह इफ्तार दिगराज सिंह शाहपुरा, राष्ट्रीय महासचिव –अखिल भारतीय किसान कांग्रेस द्वारा सौहार्द और भाईचारे के संदेश के साथ आयोजित करवाया गया।
रमज़ान का महीना त्याग, संयम, करुणा और आध्यात्मिक साधना का प्रतीक है। इस अवसर पर दिगराज सिंह शाहपुरा ने रोज़ेदार भाइयों के साथ बैठकर रोज़ा खुलवाया और समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव एवं एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मनोहरपुर की पहचान सदैव सामाजिक समरसता और भाईचारे के लिए रही है, और हम सबका कर्तव्य है कि इस परंपरा को और मजबूत करें।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय गणमान्य नागरिक, समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में मुस्लिम भाई-बहन उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सौहार्द को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
दिगराज सिंह शाहपुरा ने अपने संबोधन में कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता नहीं, बल्कि समाज सेवा और हर वर्ग के साथ खड़े रहना है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास, शांति और सौहार्द के लिए वे निरंतर कार्य करते रहेंगे। इस इफ्तार कार्यक्रम ने मनोहरपुर में गंगा-जमुनी तहज़ीब की सुंदर मिसाल प्रस्तुत की और समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *